कांग्रेस ने बेरोजगार दिवस मनाकर पकौड़े तले:बीजेपी ने किया रक्तदान-स्वच्छता कार्य; रवि किशन बोले- जो पसीना नहीं बहाएगा, उसका टिकट कट जाएगा
भोपाल।
बीजेपी सांसद और भोजपुरी अभिनेता रविकिशन ने कहा है कि हम लोग बिहार में जीत रहे हैं। आईएएस, आईपीएस देने वाले बिहार ने ही उन्हें सुपर स्टार बनाया है। बिहार के हम ऋणी हैं। चुनाव में पूरी ताकत लगाएंगे और जीतकर रहेंगे। उन्होंने कहा कि अब कांग्रेस का समय नहीं है। अब पसीना बहाया जाता है। बीजेपी काम कर रही है तो उसका असर दिख रहा है। जो पसीना नहीं बहाएगा उसका टिकट कट जएगा। सांसद किशन ने ये बातें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर भोपाल में बीजेपी की ओर से आयोजित रक्तदान शिविर कार्यक्रम में कहीं। सांसद रवि किशन ने कहा कि प्रधानमंत्री से पहली बार मिले तो उन्होंने मेरे बारे में पूरी बातें बता दीं। जो मेरे बहुत से करीबी भी नहीं जानते। ऐसे में मेरा हाथ अपने आप उनके पैरों की ओर झुकने लगा तो पीएम मोदी ने रोकते हुए कहा कि ऐसा नहीं, भारत झुकेगा नहीं। उन्होंने कहा कि पहले कभी होता रहा होगा ऐसा पर अब नहीं होगा।रविकिशन ने कहा कि सदियों के बाद ऐसे लोग अवतरित होते हैं जिनका नाम नरेंद्र मोदी हैं। स्वदेशी, आत्मनिर्भर बनकर हम दुनिया में आगे बढ़ सकते हैं। चाइना स्वदेशी बनाकर आगे है। हम भी स्वदेशी अपनाएंगे तो भारत विकसित हो जाएगा। हमारे कॉटन का उपयोग खूब होता है और अब कॉटन से बने कपड़े विदेशों में देखने को मिलने लगे हैं और वहां मेड इन इंडिया लिखा दिखने लगा है।
उन्होंने कहा कि मोदी सिर्फ प्रधानमंत्री नहीं हैं बल्कि सहज कार्यकर्ता भी हैं। पिछले दिनों उन्होंने एक कार्यक्रम में सबसे पीछे बैठकर अपने कार्यकर्ता होने का परिचय भी दिया है।
बोर्ड आफिस चौराहे पर अंबेडकर प्रतिमा की सफाई की
बीजेपी जिला अध्यक्ष रविन्द्र यती ने कहा कि बोर्ड आफिस चौराहे पर अंबेडकर की प्रतिमा की सफाई में अभिनेता रवि किशन, मंत्री विश्वास सारंग, विधायक भगवानदास सबनानी समेत अन्य कार्यकर्ताओं ने आज हिस्सा लिया है। पीएम मोदी के जन्मदिन पर स्वच्छता पखवाड़े में यह सफाई अभियान चलाया गया। इसके बाद रेडक्रास अस्पताल में रक्तदान शिविर आयोजित किया जा रहा है। महापौर मालती राय भी स्वच्छता और रक्तदान कार्यक्रम में मौजूद रहीं। उधर कांग्रेस ने मोदी के जन्मदिन को बेरोजगारी दिवस के रूप में मनाया। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी अल्पसंख्यक समाज के प्रदेश सचिव शाहरुख पठान ने अनोखा प्रदर्शन किया। इन्होंने समर्थकों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को बेरोजगार दिवस के रूप में बनाकर पकौड़े तले और बेरोजगार युवाओं को खिलाए।

बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: MP में 62 IPS अफसरों का तबादला, 19 जिलों के SP बदले