लक्ष्मण सिंह मध्य प्रदेश में निकालेंगे यात्रा, क्या नई पार्टी बनाने की है तैयारी ?
भोपाल।
मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह के भाई लक्ष्मण सिंह अब पूरे प्रदेश में सामाजिक समरसता यात्रा निकलने जा रहे हैं. हालांकि यह यात्रा कब से निकाली जाएगी, यह उन्होंने नहीं बताया. लक्ष्मण सिंह ने कहा कि वे हर विधानसभा क्षेत्र में पदयात्रा निकालेंगे और बाकी समय गाड़ी से यात्रा करेंगे. वे अपनी इस यात्रा के तहत पूरे प्रदेश में जाएंगे. हालांकि उन्होंने कहा कि अभी इस यात्रा को लेकर रूपरेखा तैयार की जा रही है. उन्होंने कहा कि जो भी इस यात्रा से जुड़ना चाहे, उसका स्वागत है.
लक्ष्मण सिंह ने वीडियो जारी कर की अपील
लक्ष्मण सिंह अब सामाजिक समरसता यात्रा निकलने जा रहे हैं. एक वीडियो जारी कर लक्ष्मण सिंह कहा कि "मैं और मेरे साथी सामाजिक समरसता यात्रा निकालेंगे. उसकी रूपरेखा बनाई जा रही है. हर विधानसभा क्षेत्र में एक दिन पदयात्रा और बाकी समय गाड़ी से घूमेंगे. पूरे प्रदेश में यह संदेश देंगे कि पूरा समाज एक होकर रहे. न कोई ऊंचा है और न नीचा, न कोई छोटा है और न बड़ा. किसी के पास धन ज्यादा है तो किसी के पास कम, लेकिन इससे कोई बड़ा छोटा नहीं हो जाता. हम सभी मिलकर एक होकर रहें. पूरे प्रदेश को एक रखें और देश को एक रखें. उन्होंने इस यात्रा से सभी के जुड़ने का आव्हान किया है.
निष्कासन पत्र फाड़कर कहा था कोई पार्टी से नहीं निकाल सकता
कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रदेश संगठन के खिलाफ लगातार बयानबाजी के चलते जून 2025 में पार्टी से 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया गया था. हालांकि बाद में एक वीडियो जारी कर लक्ष्मण सिंह ने निष्कासन पत्र फाड़ते हुए राहुल गांधी पर सीधा हमला बोला था. उन्होंने कहा था कि देख लो राहुल गांधी जिस तरह तुमने मनमोहन सिंह का पत्र फाड़ा था, उसी तरह मैं भी इसे फाड़ रहा हूं. इस कागज से मैं कांग्रेस से बाहर नहीं हो जाऊंगा. मैं कांग्रेसी था और रहूंगा.

जूनागढ़ में बस पलटी, दो की मौत और 15 घायल; बड़ी दुर्घटना से हड़कंप