छतरपुर। 
छतरपुर में हत्या की कोशिश करने के ट्रायल का सामना कर रहा कैदी जिला अस्पताल से भाग निकला है। वह भागते वक्त सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी की रायफल भी ले गया। मामला बुधवार- गुरुवार की दरमियानी रात का है। एसपी अगम जैन ने अस्पताल में तैनात 4 पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया है। देरी गांव का रहने वाला रविंद्र सिंह परिहार थाना ओरछा का हिस्ट्रीशीटर है। पुलिस को उसकी तलाश थी। 18 नवंबर 2024 को मातगुवां थाना क्षेत्र के वेयरहाउस में पुलिस ने उसे घेर लिया था। रविंद्र ने पुलिस पर गोली चला दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने दाहिने पैर में गोली मारकर रविंद्र को गिरफ्तार कर लिया था। उसे जेल भेज दिया गया था। कोर्ट के आदेश पर 9 सितंबर को उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही पुलिस
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि वारदात के वक्त वार्ड में तैनात पुलिसकर्मी सो रहे थे। इसी बीच रविंद्र ने एक गार्ड की जेब से चाबी निकाल ली। इससे ताला खोला। फिर एक पुलिसकर्मी की रायफल लेकर बाहर निकल गया। पुलिस फिलहाल अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। बताया गया है कि अस्पताल के नजदीक वाले छत्रसाल चौराहे पर लगे सीसीटीवी कैमरे पिछले दो महीने से बंद पड़े हैं।