प्रदेश भर में 7 दिन निकलेगी गौ माता न्याय यात्रा, कंप्यूटर बाबा बोले- सीएम को गौ माता देंगी ज्ञापन
भोपाल।
महामंडलेश्वर कंप्यूटर बाबा ने भोपाल में प्रेस वार्ता कर गौ माता न्याय यात्रा की घोषणा की। यह यात्रा 7 से 14 अक्टूबर तक चलेगी, जिसमें साधु-संत, किसान और गौ सेवक शामिल होंगे। उन्होने कहा है कि प्रदेश भर की हजारों गाय सीएम हाउस पहुंचेगी। और ज्ञापन सौंपकर न्याय की मांग करेंगी। मुख्य मांग है गौ माता को ‘राज्यमाता’ का दर्जा देना। उन्होने कहा कि प्रदेशभर में एक विशाल आंदोलन छेड़ा जाएगा। कंप्यूटर बाबा का कहना है कि गौ माता की उपेक्षा अब और बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार गौ संरक्षण के मुद्दे पर गंभीर नहीं है और यही कारण है कि गौशालाओं और सड़कों पर गायों की स्थिति बेहद दयनीय बनी हुई है। बाबा ने साफ कहा, अब जगाने का समय आ गया है। गौ माता सनातन धर्म की जननी हैं, और उनकी रक्षा के लिए संत समाज सड़कों पर उतरेगा। यह यात्रा नर्मदापुरम से शुरू होकर भोपाल तक निकाली जाएगी।
स्थिति दिन-ब-दिन खराब होती जा रही
कंप्यूटर बाबा ने कहा कि गौ माता की स्थिति दिन-ब-दिन खराब होती जा रही है। न तो गौशालाओं की हालत सुधारी जा रही है और न ही सड़कों पर बेसहारा घूम रही गायों के लिए कोई ठोस व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने कहा, “गौ माता सनातन धर्म की जननी हैं, उनका अपमान पूरे धर्म का अपमान है। अब संत समाज गौ रक्षा की आवाज बुलंद करेगा।
जिलों में जाकर भिक्षा मांगेंगे
कंप्यूटर बाबा ने बताया कि आंदोलन को मजबूत बनाने के लिए वे जिलों में जाकर भिक्षा मांगेंगे और संत समाज को तैयार करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि जो लोग इस आंदोलन का विरोध करेंगे, उनका सामाजिक बहिष्कार किया जाएगा। बाबा का कहना है कि यह सिर्फ एक धार्मिक आंदोलन नहीं बल्कि सामाजिक चेतना जगाने का प्रयास भी है।

जूनागढ़ में बस पलटी, दो की मौत और 15 घायल; बड़ी दुर्घटना से हड़कंप