भोपाल गणेश विसर्जन पथराव विवाद, विधायक-मंत्री बोले:ये सरकार बिरयानी खिलाने वाली नहीं, हनुमान चालीसा में बाधा डाली तो हनुमान जी का मुख खुलेगा
भोपाल।
राजधानी में गणेश प्रतिमा विसर्जन चल समारोह पर पथराव को लेकर राजनीति गरमा गई है। मंगलवार को प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग और हुजूर से भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने सख्त लहजे में बयान दिए। दोनों नेताओं ने साफ कहा कि त्योहारों में अशांति फैलाने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
बता दें कि घटना सोमवार रात करीब 9.15 बजे की है। चल समारोह आरिफ नगर से डीआईजी बंगला की तरफ जा रहा था। तभी किसी ने पत्थर फेंके। जिसके बाद लोगों ने चौराहे पर चल समारोह रोककर जमकर नारेबाजी की। इसके चलते वहां जाम लग गया।
मंत्री सारंग बोले, नजीर बनेगी सख्त कार्रवाई की
मंत्री विश्वास सारंग ने घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि मध्य प्रदेश शांति का टापू है। यहां हर सनातन त्योहार धूमधाम से मनाया जाएगा। यदि कोई शांति भंग करने की कोशिश करेगा, तो ऐसी सख्त कार्रवाई होगी कि वह नजीर बनेगी। एफआईआर दर्ज हो चुकी है और आरोपी चाहे कोई भी हो, उसे बख्शा नहीं जाएगा।
विधायक शर्मा की तीखी चेतावनी
हुजूर विधायक रामेश्वर शर्मा ने और भी कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि “अगर कोई भी कंकड़ मारेगा तो उसका प्रतिकार प्रशासन बहुत खतरनाक तरीके से करेगा। यह बिरयानी खिलाने वालों की सरकार नहीं है, बल्कि शांति से राज करने वाली सरकार है। खूब नमाजें पढ़ो, खूब तीर्थ करो, खूब आरती और हनुमान चालीसा गूंजें, लेकिन अगर इसमें कोई बाधा डालेगा तो फिर हनुमान जी का मुख खुलेगा और उसे कोई रोक नहीं पाएगा।
विपक्ष और संगठनों की निगाहें प्रशासन पर
घटना के बाद हिंदू संगठनों ने प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े किए हैं। उनका कहना है कि धार्मिक जुलूसों के दौरान लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अब निगाहें इस पर टिकी हैं कि पुलिस जांच के बाद किन लोगों पर कार्रवाई करती है और सरकार स्थिति को कैसे संभालती है।

जूनागढ़ में बस पलटी, दो की मौत और 15 घायल; बड़ी दुर्घटना से हड़कंप