पचमढ़ी में लगेगा दिग्गजों का जमावड़ा, खड़गे और राहुल गांधी कांग्रेस कार्यकर्ताओं में फूकेंगे जान
नर्मदापुरम।
हिल स्टेशन पचमढ़ी में कांग्रेस का 10 दिवसीय शिविर 25 सितंबर से 5 अक्टूबर तक लगेगा. जिसमें कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी प्रदेश के 71 जिला कांग्रेस अध्यक्षों को प्रशिक्षण देंगे. इसके अलावा इस 10 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण शिविर में कांग्रेस के राष्ट्रीय नेता संगठन मजबूत करने के तरीके सिखाएंगे. इस शिविर में राहुल गांधी संगठन सर्जन अभियान की शुरुआत करेंगे. जिसके माध्यम से वह जिला अध्यक्षों को उनका पावर बताएंगे. इधर देखें तो कई कवायद के बाद प्रदेश के जिला अध्यक्षों को नियुक्त किया गया है. अब इन्हें संगठन और जिले में शक्ति का एक प्रमुख केंद्र बनाया जा रहा है. इसी को लेकर यहां वरिष्ठ नेता प्रशिक्षण देने आ रहे हैं. इधर इस हाई प्रोफाइल कांग्रेस के प्रशिक्षण शिविर को लेकर कांग्रेस के जिला अध्यक्ष शिवाकांत गुड्डन पांडे सहित वरिष्ठ नेताओं ने पचमढ़ी में पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया.
10 दिन एक ही स्थान पर रहेंगे
सभी जिला अध्यक्षों का प्रशिक्षण 10 दिनों का होगा. 10 दिनों में हर दिन कोई न कोई वरिष्ठ कांग्रेस नेता पचमढ़ी में प्रशिक्षण देने पहुंचेगे. इस दौरान सभी जिला अध्यक्षों को 10 दिन एक ही स्थान पर रहना होगा. इसके लिए कांग्रेस संगठन द्वारा एक साथ रहने के लिए नियम तरीका भी बताएगा.
चुनाव के लिए कार्यकर्ता मेहनत करें
पचमढ़ी में प्रशिक्षण शिविर की तैयारी का जायजा लेने पहुंचे पूर्व लोकसभा प्रत्याशी संजय शर्मा व जिला कांग्रेस अध्यक्ष शिवाकांत गुड्डन पांडेय का कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा स्वागत किया गया. इस दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष गुड्डन पांडेय ने कहा कि "जिले में सभी को नगर पालिका, नगर परिषद एवं जनपद चुनाव में शानदार मेहनत करते हुए ज्यादा से ज्यादा सीटों पर कांग्रेस प्रत्याशी को जीत दिलाना है. सभी कांग्रेस के नेता व कार्यकर्ता आज से ही जुट जाएं.
ढाई महीने पूर्व लगा था भाजपा का शिविर
पचमढ़ी में ढाई महीने पूर्व भाजपा सांसदों, मंत्री परिषद के सदस्यों का प्रशिक्षण शिविर लगा था. जिसमें केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित संगठन के नेताओं ने अपने कार्यकर्ताओं को नैतिकता का पाठ पढ़ाया था. पचमढ़ी में 14, 15 और 16 जून को प्रशिक्षण शिविर लगाया गया था. प्रदेश सरकार की कैबिनेट बैठक पचमढ़ी में हुई थी. इस बैठक में मंत्री परिषद के सभी सदस्य यहां मौजूद रहे थे. अब कांग्रेस का प्रशिक्षण शिविर भी पचमढ़ी में आयोजित हो रहा है.

जूनागढ़ में बस पलटी, दो की मौत और 15 घायल; बड़ी दुर्घटना से हड़कंप