भोपाल। 
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) की मध्य प्रदेश में एंट्री हो गई है। भोपाल में सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी कर रहे युवा कार्यकर्ता मयंक ने पार्टी के बैनर तले प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान नर्सिंग और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में गड़बड़ी से प्रभावित छात्राएं भी मौजूद रहीं। प्रेस कॉन्फ्रेंस में मयंक ने कहा कि CJP केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि ‘Gen-Z’ की प्राथमिकताओं पर आधारित युवा आंदोलन है। यह किसी व्यक्ति या राजनीतिक दल के विरोध का मंच नहीं, बल्कि उस शिथिल सिस्टम के खिलाफ आवाज है, जिसने युवाओं का भरोसा तोड़ा है।
युवा सवाल उठाते हैं, तो दबाने की कोशिश होती है
उन्होंने आरोप लगाया कि जब पेपर लीक जैसे मामलों पर युवा सवाल उठाते हैं, तब उनकी आवाज दबाने और सोशल मीडिया अकाउंट्स तक बैन करने की कोशिश होती है। अब सरकारी संस्थान अपनी नैतिक जिम्मेदारी से पल्ला नहीं झाड़ सकते। मयंक ने बताया कि जल्द ही मध्य प्रदेश की कोर कमेटी घोषित की जाएगी। विदेशी फॉलोअर्स और पाकिस्तानी अकाउंट्स से जुड़े आरोपों को “सरकारी दुष्प्रचार” बताया। उनका कहना था कि आंदोलन के संस्थापक अभिजीत दीपके के मार्गदर्शन में प्रदेश में अभियान की शुरुआत की गई है।
अमेरिका में पढ़ाई कर रहे अभिजीत दीपके
30 साल के अभिजीत दीपके महाराष्ट्र के संभाजी नगर के रहने वाले डिजिटल मीडिया स्ट्रैटजिस्ट हैं। अभिजीत ने पुणे से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। फिलहाल वो अमेरिका की बोस्टन यूनिवर्सिटी में पब्लिक रिलेशन से मास्टर्स की पढ़ाई कर रहे हैं। अभिजीत 2020 से 2022 तक केजरीवाल की आम आदमी पार्टी के सोशल मीडिया स्ट्रैटजिस्ट रहे हैं। 2020 के दिल्ली विधानसभा चुनावों में अभिजीत AAP के लिए वायरल मीम बेस्ड ऑनलाइन प्रचार का मटेरियल बनाते थे। एक इंटरव्यू में अभिजीत ने बताया कि उन्होंने निजी जिंदगी और आर्थिक स्थिरता के लिए AAP छोड़कर बोस्टन यूनिवर्सिटी में अप्लाई किया था। एडमिशन मिल गया, तो वे अमेरिका शिफ्ट हो गए। अभिजीत किसान आंदोलन से लेकर महंगाई जैसे राजनीतिक मुद्दों पर X अकाउंट पर केंद्र सरकार और पीएम पर निशाना साधते रहे हैं।
CJP ने खुद को राजनीति पार्टी बताया
CJP अपनी वेबसाइट पर खुद को उन लोगों की राजनीतिक पार्टी बताती है, जिन्हें व्यवस्था ने कभी गिनती में नहीं लिया। वेबसाइट पर लिखा है- पांच मांगें, कोई स्पॉन्सर नहीं, लेकिन बड़ा और जिद्दी झुंड। वेबसाइट में मैनिफेस्टो, विजन, एलिजिबिलिटी और कॉन्टैक्ट जैसे सेक्शन भी हैं। खुद को यह आलसी और बेरोजगारों की आवाज भी बताती है। इसका नारा है- ‘सेक्युलर, सोशलिस्ट, डेमोक्रेटिक, लेजी।’ इसका लोगो भी बनाया गया था। कॉकरोच जनता पार्टी ने पार्टी जॉइन करने के लिए 4 जरूरी योग्यताएं रखी हैं- अनइम्प्लॉइड, लेजी, क्रॉनिकली ऑनलाइन, एबिलिटी टू रैंट प्रोफेशनली।