विजयवर्गीय के गढ़ में बीजेपी हुई पस्त! 'आजीवन सहयोग निधि' जुटाने में फिसड्डी साबित हुई इंदौर-1
भोपाल।
मध्य प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय की विधानसभा में भाजपा फिसड्डी साबित हो रही है। आजीवन सहयोग निधि की राशि जमा करने वाले क्षेत्र की जब फेहरिस्त तैयार हुई तो सबसे कम आंकड़ा इंदौर एक का सामने आया। मजेदार बात ये है कि प्रदेश संगठन ने अब हिसाब मांग लिया है और निर्देश भी दिए हैं कि कौन सी विधानसभा से कितना संग्रह हुआ है उसकी भी जानकारी दी जाए। प्रदेश की आर्थिक राजधानी कहलाने वाले इंदौर से भाजपा संगठन को काफी उम्मीद रहती है कि यहां से आजीवन सहयोग निधि का बड़ा आंकड़ा जमा होगा। 11 फरवरी से शुरू हुए अभियान को प्रदेश संगठन ने 30 अप्रैल को खत्म करने के निर्देश जारी कर दिया है। सभी जिला अध्यक्षों से हिसाब पेश करने को कहा है जिसमें विधानसभा स्तर से जुटाई गई राशि की जानकारी भी देना है।
चौंकाने वाली जानकारी सामने आई
इसको लेकर अभियान के प्रभारी विधायक गोलू शुक्ला व सह प्रभारी हरप्रीत सिंह बक्शी काम पर जुट गए हैं। अभियान के मंथन में ये बात सामने आई है कि अब तक 4.60 करोड़ रुपए जमा हो चुके हैं जो कि पिछले वर्ष से महज 11 लाख रुपए ही कम हैं। इसके अलावा जब विधानसभावार सूची बनाई गई तो चौंकाने वाली जानकारी सामने आई।
मंत्री कैलाश विजयवर्गीय की विधानसभा यानी इंदौर एक से सबसे कम 48 लाख रुपए की राशि ही जमा हुई है, जबकि शहर की सबसे छोटी विधानसभा इंदौर तीन से 69 लाख रुपए और शहर के 8 वार्डों वाले राऊ से 30 लाख रुपए जमा हो चुके हैं। मजेदार बात ये है कि प्रदेश संगठन ने विधानसभावार आंकड़े भी मांगे हैं ताकि स्थिति स्पष्ट हो सके कि किस विधायक ने अभियान में कितनी मेहनत और मदद की है।
जनप्रतिनिधियों को भी प्रशिक्षण वर्ग में करना होगा रात्रि विश्राम
प्रदेश भाजपा ने कल प्रशिक्षण वर्ग को लेकर भोपाल में बैठक बुलाई थी। 31 मई तक दो दिनी वर्ग करने का कहा गया है। इसको लेकर कुछ दिशा और निर्देश भी दिए गए हैं जिसमें स्पष्ट कहा गया है कि सभी जनप्रतिनिधि यानी सांसद, विधायक और महापौर को वर्ग में रात्रि विश्राम करना अनिवार्य होगा। इस बात की भी चिंता की जाए कि कोई रात को वर्ग छोड़कर घर नहीं जाए। आमतौर पर सभी वर्गों में अधिकांश नेता गायब हो जाते हैं जिसमें जनप्रतिनिधि सबसे आगे रहते हैं। इधर, इंदौर का वर्ग 300 कार्यकर्ताओं का होगा जिसमें प्रदेश व नगर पदाधिकारियों के साथ मंडल अध्यक्ष व महामंत्री, मोर्चा प्रकोष्ठ के प्रदेश पदाधिकारी व नगर अध्यक्ष व संयोजक, मंडल प्रभारियों के साथ प्रमुख कार्यकर्ताओं को भी बुलाया जाएगा। वर्ग में करीब 12 सत्र होंगे जिसमें रात को सांस्कृतिक कार्यक्रम तो सुबह योग भी होंगे।

Aditya Dhar नई फिल्म की तैयारी में जुटे
अंडमान दौरे पर राहुल गांधी का हमला—‘यहां सबसे बड़ा घोटाला हो रहा’
इस प्रकार ठीक होगी भूलने की बीमारी 