भोपाल। 
मध्यप्रदेश में इस बार कड़ाके की ठंड पड़ रही है। पिछले माह अक्टूबर और इस माह यानि नवंबर में अभी तक प्रदेश के अनेक शहरों में सर्दी के कई दशक पुराने रिकार्ड टूट चुके हैं। पहाड़ों से आ रही बर्फीली हवाओं की वजह से हाड़तोड़ ठंड पड़ रही है। ऐसे में प्रदेश का पुलिस विभाग भी सक्रिय हुआ है। पुलिस जवानों और अधिकारियों को ठंड से बचाने के लिए उनकी पोशाक बदल दी गई है। इस संबंध में भोपाल के पुलिस कमिश्नर हरिनारायण चारी ने आदेश भी जारी कर दिए हैं। आदेश पर 10 नवंबर से ही अमल की बात कही गई है।भोपाल पुलिस के अधिकारी, कर्मचारियों के लिए ठंड में विशेष यूनिफॉर्म निर्धारित की गई है। अब पुलिसकर्मी फुल शर्ट और जर्सी में नजर आएंगे। प्रदेश में ठंड के दस्तक देने के साथ ही राजधानी भोपाल की पुलिस की पोशाक में यह बदलाव किया गया है। भोपाल पुलिस के लिए शीतकालीन यूनिफॉर्म के रूप में महिला व पुरुष पुलिसकर्मियों को फुल शर्ट और जर्सी पहनने के आदेश दिए गए हैं। पुलिस आयुक्त हरि नारायण चारी मिश्रा द्वारा जारी आदेश के अनुसार पुलिसकर्मियों को अंगोला शर्ट व जर्सी पहनने को कहा गया है।