भोपाल! 
शहर में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) में लोगों को 2003 की वोटर लिस्ट में नाम ढूंढने में परेशानी हो रही है। असल में मप्र चुनाव आयोग की वेबसाइट https://ceomadhyapradesh.nic.in/ चल नहीं रही है। इसे खोलने पर स्क्रीन पर एरर दिखाई दे रहा है। उधर, राष्ट्रीय टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1950 (अपने एसटीडी कोड के साथ) जारी किया गया है, लेकिन यह अभी शुरू नहीं हुआ है। शहर में कई कपल ऐसे हैं जो नौकरी करते हैं। ऐसे में घर पर कोई नहीं रहता। उन्हें चिंता है कि कहीं बीएलओ उनके घर आए और वे नहीं मिलें तो नाम तो नहीं कट जाएगा। ऐसे में चुनाव आयोग का कहना है अगर कोई घर पर नहीं मिलता तो बीएलओ दो बार और वहां जाएगा। रविवार को भी बीएलओ उन लोगों के घर पहुंचेंगे जो पहली बार में घर पर नहीं मिले थे।
यह फॉर्म भरने होंगे
पता बदलकर नए क्षेत्र में नाम जुड़वाने के लिए पते के परिवर्तन के लिए फॉर्म-8 भरना होगा।
पहली बार मतदाता सूची में पंजीकरण करने के लिए फॉर्म-6 भरना होगा।
जो मतदाता घर-घर की गणना के दौरान अनुपस्थित रहते हैं, तो उनके लिए ईसीआई ने अपने पोर्टल/ऐप पर ऑनलाइन एन्यूमरेशन फॉर्म भरने की सुविधा शुरू दी है।
वार्ड कार्यालयों में हेल्प डेस्क
वार्ड कार्यालय में हेल्प डेस्क बनाई गई है। वहां से भी लोग अपनी जानकारी निकाल सकते हैं। भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट voters.eci.gov.in पर गणना पत्रक ऑनलाइन भरने का ऑप्शन है। मोबाइल अथवा ईमेल अथवा वोटर आईडी का नंबर दर्ज करने पर आपको ओटीपी आएगा। लॉगइन करने के बाद फॉर्म सबमिट कर सकते हैं।