सिंगरौली।
पिछले कुछ दिनों से भारतीय जनता पार्टी के सिंगरौली संगठन में ठीक ठाक नहीं चल रहा है. राजनीतिक जानकारों की माने तो "जब से भाजपा सिंगरौली की जिला कार्यकारिणी घोषित हुई उसके बाद से मनमुटाव की खबरें लगातार आ रही है. आज से करीब 4 महीने पहले पार्टी के वरिष्ठ नेता रज्जू तिवारी ने जिला उपाध्यक्ष के पद से इस्तीफा दे दिया था. उन्होंने पारिवारिक कारणों का हवाला देकर पद से इस्तीफा दिया था, लेकिन राजनीतिक गलियारों में चर्चा थी कि वे वर्तमान पार्टी जिला अध्यक्ष सुंदर लाल शाह की कार्यशैली से खुश नहीं थे."
जिला उपाध्यक्ष सुरेंद्र बैस ने सौंपा इस्तीफा
बीते रोज सोमवार को भाजपा के वरिष्ठ नेता जिला उपाध्यक्ष सुरेंद्र बैस ने भी इस्तीफा सौंप दिया है. उनके साथ कई अन्य पदाधिकारियों ने भी इस्तीफा सौंपा है. इन नेताओं के इस्तीफा देने के पीछे पार्टी जिलाध्यक्ष सुंदर लाल शाह द्वारा मारपीट के आरोपी मंडल अध्यक्ष के खिलाफ कोई कार्रवाई न करने को बताया जा रहा है, इस अनदेखी से नाराज होकर पार्टी के वरिष्ठ नेता सुरेंद्र बैस ने इस्तीफा दिया है.
लड़के संग मारपीट से गरमाया मामला
बीते दिनों 26 दिसंबर 2025 को एक घटना हुई थी, जिसमें सिंगरौली मंडल अध्यक्ष विनोद कुर्वंशी और उनके 6 साथियों ने बैस समाज के एक युवक के साथ मारपीट की थी. उनके खिलाफ मोरवा थाने में मामला दर्ज हुआ था. वहीं बैस समाज के सैकड़ों लोगों द्वारा भाजपा जिला कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया गया था. साथ ही आरोपी मंडल अध्यक्ष विनोद कुर्वंशी के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की थी.
कार्रवाई न होने से नाखुश नेता-कार्यकर्ता
जिस पर भाजपा जिला अध्यक्ष सुंदरलाल शाह ने संगठनात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया था, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई. इससे नाराज होकर भाजपा जिला उपाध्यक्ष सुरेंद्र बैस समेत कई पदाधिकारी ने भाजपा जिला अध्यक्ष को अपना इस्तीफा पत्र सौंपा है. नाराज भाजपा कार्यकर्ताओं का कहना था, "संगठनात्मक कार्रवाई कर ऐसे व्यक्ति को पद मुक्त करना चाहिए जिससे संगठन की छवि धूमिल हो रही है."