इंदौर।
मध्य प्रदेश के सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहने वाले शिवराज सिंह चौहान के पुत्र कार्तिकेय अब सोलर सेक्टर में अपना भाग्य आजमाएंगे. अब तक फूलों के व्यापारी के तौर पर अपनी पहचान बनाने वाले कार्तिकेय अब सोलर उद्यमी होंगे. उनका मानना है कि इस समय सोलर के व्यापार की ग्रोथ सबसे ज्यादा है. लिहाजा अब विदिशा में सोलर प्लांट लगाने से लेकर पैनल आदि के बिजनेस में संभावनाएं तलाश रहे हैं.
सोलर मॉड्यूल की मैन्युफैक्चरिंग करेंगे शुरू
हाल ही में इंदौर में आयोजित एक सोलर एग्जीबिशन में अपने भाई कुणाल के साथ पहुंचे कार्तिकेय ने बताया, ''मध्य प्रदेश में जिस प्रकार सोलर सेक्टर का विस्तार हो रहा है, उससे राज्य अब सोलर हब बनने जा रहा है. लिहाजा वे भी अब विदिशा में सोलर मॉड्यूल की मैन्युफैक्चरिंग शुरू करेंगे. उन्होंने बताया, ''एक उद्यमी के रूप में वह सोलर सेक्टर में व्यापार और निवेश की संभावनाएं तलाश रहे हैं. जल्द ही विदिशा में वे सोलर मैन्युफैक्चरिंग मॉड्यूल की इकाई स्थापित करेंगे.
फूलों का बिजनेस करते हैं कार्तिकेय
कार्तिकेय फिलहाल अपने पिता के साथ विदिशा और बुधनी में राजनीतिक रूप से सक्रिय रहे हैं. हाल ही में दोनों पुत्रों के विवाह के दौरान भी चौहान परिवार सुर्खियों में आया था. शिवराज सिंह चौहान के पुत्र कार्तिकेय ने कुछ साल पहले भोपाल के इन्दिरा मार्केट में किराए पर दुकान लेकर सुंदर फ्लोरीका नामक अपने स्टार्टअप की शुरुआत की थी. उस दौरान वे अपने विदिशा के व्यास नगर स्थित फॉर्म हाउस पर उगाई जाने वाले तरह-तरह के फूल का बिजनेस करते रहे हैं.