सिंगरौली।

मध्य प्रदेश के सिंगरौली में बीजेपी के अंदर सब कुछ ठीक नहीं है। सरई नगर परिषद की महिला आदिवासी अध्यक्ष ने बीजेपी विधायक और मंडल अध्यक्ष पर बड़ा आरोप लगाया है। साथ ही कहा है कि हमें प्रताड़ित किया जा रहा है। उन्होंने सोशल मीडिया पर अपना दर्द बयां किया है।
विधायक कर रहे हैं प्रताड़ित
सरई नगर परिषद अध्यक्ष अराधना सिंह मरकाम ने कहा कि मंडल अध्यक्ष रामधनी यादव के इशारे पर क्षेत्रीय विधायक राजेंद्र मेश्राम मुझे मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे हैं। मैंने हाल में ही भाजपा की सदस्यता ली है और अपने आप को पार्टी के आदर्शों के प्रति समर्पित किया है। लेकिन मुझे यह बताते हुए बहुत दुख हो रहा है कि स्थानीय विधायक और भाजपा मंडल अध्यक्ष द्वारा मुझे मानसिक रूप से आदिवासी होने के नाते परेशान कर रहे हैं।
मामले में संज्ञान लें
मैं पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से अनुरोध करती हूं कि वे इस मामले में संज्ञान लें और उचित कार्रवाई करें। मैं पार्टी के लिए काम करने के लिए उत्साहित हूं, इस तरह व्यवहार से मेरा मनोबल गिर रहा है। अराधना सिंह मरकाम ने कहा कि मैं उम्मीद करती हूं मेरी बात सुनी जाएगी और जल्द से जल्द इस समस्या का समाधान होगा। गौरतलब है कि ढाई वर्ष पूर्व गोंडवाना गणतंत्र पार्टी पार्षद से नगर परिषद अध्यक्ष बनी अराधना सिंह मरकाम डेढ़ वर्ष पूर्व ही बीजेपी में शामिल हुई थीं। विधायक और मंडल अध्यक्ष के ऊपर परेशान करने का आरोप लगाकर इस ठंड में राजनीतिक उबाल ला दी हैं। हालांकि भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यकारिणी द्वारा अभी तक इस मामले में कोई बयान सामने नहीं आया है।