वाहन चेकिंग के नाम पर विधवा महिला से अभद्रता

-
दो पुलिसकर्मियों पर केस दर्ज
भोपाल। भोपाल में वाहन चेकिंग के नाम पर महिला के साथ बदसलूकी करने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। हालांकि, इसकी पुष्टि थाना पुलिस नहीं कर रही है। आरोपियों को जल्द ही लाइन अटैच किया जा सकता है। राजधानी में पुलिसकर्मी बार-बार नियम-कानूनों को धता बताकर पुलिस की फजीहत कराते आ रहे हैं। ऐशबाग थाने के पुलिसकर्मियों द्वारा घूस लेकर आरोपियों को बचाने का मामला अभी ठंडा नहीं पड़ा था कि अवधपुरी थाने के दो पुलिसकर्मियों पर एक विधवा महिला को वाहन चेकिंग के नाम पर रोककर उसका चारित्रिक हनन करते हुए अपशब्दों का प्रयोग कर अभद्रता का मामला सामने आया है। अधिकारियों ने पुलिस की बदनामी न हो, इसलिए चुपचाप दोनों पुलिसकर्मियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। जल्दी ही दोनों पुलिसकर्मियों को थाने से पुलिस लाइन भी भेजने की तैयारी है। अधिकारी इस संबंध में कुछ भी बात करने से इंकार करते हुए एक-दूसरे से चर्चा करने की सलाह देकर बच रहे हैं।
जानकारी के अनुसार 33 वर्षीय महिला अवधपुरी थाना क्षेत्र के प्रगति नगर कॉलोनी के पास रहती है। वह विधवा है। गत दिनों व अपने घर से कहीं जाने के लिए स्कूटी से निकली तो रास्ते में वाहन चेकिंग के नाम पर खड़े थाने के प्रधान आरक्षक अतुल चौकसे और आरक्षक जितेंद्र ने उसे रोक लिया। इस बीच अतुल चौकसे महिला के चरित्र पर सवालिया निशान लगाते हुए बातें करने लगा। पुलिस अधिकारियों को की गई शिकायत में महिला ने कहा है कि इसके बाद उसका वीडियो बनाया गया। महिला ने कहा कि पुलिस टीम के साथ महिला पुलिसकर्मी नहीं होने की स्थिति में वह उसके वाहन की चेकिंग नहीं कर सकते। इसके बाद उसके साथ दोनों पुलिसकर्मियों ने अभद्रता की।
महिला ने थाने पहुंचकर शिकायत करनी चाही, लेकिन उसकी कोई सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद महिला ने डीसीपी मुख्यालय श्रद्धा तिवारी और अन्य पुलिस अधिकारियों को लिखित शिकायत की। पुलिस सूत्रों ने बताया कि जांच के बाद अवधपुरी थाने में अपने ही थाने में पदस्थ प्रधान आरक्षक अतुल चौकसे और आरक्षक जितेंद्र के खिलाफ महिला से अभद्रता करने का प्रकरण दर्ज किया गया। हालांकि, इसकी पुष्टि थाना पुलिस नहीं कर रही है। सूत्रों की मानें तो पुलिस को बदनामी से बचाने ऐसा किया जा रहा है, जल्दी ही थाने से दोनों पुलिसकर्मियों को पुलिस लाइन भी भेजने की तैयारी है।