सोना पहली बार 95 हजार के पार

-
इस साल 19,045 महंगा हुआ
-
साल के आखिर तक 1.10 लाख तक जा सकता है
नई दिल्ली । सोने के दाम ने 16 अप्रैल को नया ऑल टाइम हाई बनाया। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार 10 ग्राम 24 कैरेट सोने का दाम 628 बढ़कर 95,207 पर पहुंच गया है। इससे पहले 10 ग्राम सोने की कीमत 94,579 थी। वहीं चांदी की कीमत में आज गिरावट है। एक किलो चांदी की कीमत आज ₹936 गिरकर 95,639 प्रति किलो हो गई है। इससे पहले चांदी का भाव 96,575 प्रति किलो था। वहीं 28 मार्च को चांदी ने 1,00,934 का ऑल टाइम हाई बनाया था।
सोने में तेजी के 3 कारण
- अमेरिका की टैरिफ पॉलिसी के कारण ट्रेड वॉर का खतरा बढ़ गया है। इससे इकोनॉमी के बढ़ने की रफ्तार धीमी हो सकती है। ग्लोबल मंदी की आशंका भी बढ गई है। ऐसे में लोग सोने में अपना निवेश बढ़ा रहे हैं। मंदी के समय सोने को सुरक्षित निवेश माना जाता है।
- डॉलर के मुकाबले रुपए के कमजोर होने से सोने की कीमतों में तेजी आई है। ऐसा इसलिए क्योंकि जब रुपया कमजोर होता है तो इसे इंपोर्ट करने में ज्यादा पैसे खर्च होते हैं। इस साल रुपए में लगभग 4% की गिरावट आई है, जिससे सोने की कीमतों पर दबाव बढ़ गया है।
- शादियों का मौसम नजदीक आ रहा है, ऐसे में सोने के गहनों की मांग बढ़ रही है। मुंबई, दिल्ली और चेन्नई जैसे शहरों में ज्वेलर्स ने बताया कि ऊंची कीमतों के बावजूद बिक्री में तेजी है, क्योंकि लोग सोने को निवेश और समृद्धि के प्रतीक के रूप में देखते हैं।
4 महानगरों और भोपाल में सोने की कीमत
- दिल्ली : 10 ग्राम 22 कैरेट सोने की कीमत 89,350 रुपए और 10 ग्राम 24 कैरेट सोने की कीमत 97,460 रुपए है।
- मुंबई : 10 ग्राम 22 कैरेट सोने की कीमत 89,200 रुपए और 10 ग्राम 24 कैरेट सोने की कीमत 97,310 रुपए है।
- कोलकाता : 10 ग्राम 22 कैरेट गोल्ड की कीमत 89,200 रुपए और 24 कैरेट 10 ग्राम सोने की कीमत 97,310 रुपए है।
- चेन्नई : 10 ग्राम 22 कैरेट सोने की कीमत 89,200 रुपए और 10 ग्राम 24 कैरेट सोने की कीमत 97,310 रुपए है।
- भोपाल : 10 ग्राम 22 कैरेट सोने की कीमत 89,250 रुपए और 10 ग्राम 24 कैरेट सोने की कीमत 97,360 रुपए है।