• एमपी के 6 शहरों में तापमान 10 डिग्री से नीचे 
  • यूपी समेत 12 राज्यों में कोहरा
  • विजिबिलिटी 100 मीटर तक घटी 

नई दिल्ली। देश के पहाड़ी राज्यों जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश में लगातार तीसरे दिन बर्फबारी हुई। मौसम विभाग के अनुसार हिमाचल के हंसा में 2.5 सेमी, जबकि काजा सहित अन्य इलाकों में भी 5 से 6 सेमी बर्फबारी हुई। यहां बुधवार को भी बर्फबारी की संभावना है। कुकमसेरी में रात का तापमान -5.6 डिग्री दर्ज किया गया। जम्मू-कश्मीर के गुलमर्ग, सोनमर्ग, जोजिला पास जैसे ऊंचे इलाकों में मंगलवार को हुई बर्फबारी के कारण गुरेज-बांदीपुरा रोड, सेमथान-किश्तवाड़, मुगल रोड बंद हो गए। यहां बर्फ हटाने का काम जारी है। एमपी-यूपी समेत 12 राज्यों में कोहरे का अलर्ट है। यूपी के 40 जिलों में घना कोहरा भी देखने को मिला है। विजिबिलिटी 100 मीटर तक घट गई। सर्द हवाओं के कारण यहां ठंड का असर भी बना हुआ है। फतेहपुर राज्य में सबसे ठंडा जिला रहा। यहां का तापमान 7.2 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने कहा कि मध्य प्रदेश में हवा का रुख बदलने से दिन में तापमान बढ़ रहा है, लेकिन रात में ठंड का असर बरकरार है। भोपाल, मंडला, पचमढ़ी, राजगढ़, उमरिया, नौगांव जैसे शहरों में पारा 10 डिग्री से नीचे ही चल रहा है। मध्य प्रदेश के ग्वालियर-चंबल में हल्की बारिश हो सकती है। 2 दिन के बाद राज्य के तापमान में 2-3 डिग्री की बढ़त होगी।