• दिल्ली में आंधी-तूफान और बारिश का अलर्ट
  • हिमाचल में बर्फबारी से पारा माइनस 4.3 डिग्री

नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश के कई जिलों में बर्फबारी जारी है। मौसम विभाग ने कहा कि बर्फीली हवाओं के कारण उत्तर भारत के राज्यों में भी तापमान में गिरावट हुई है। मध्य प्रदेश और राजस्थान के 14 शहरों में तापमान 10 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। मप्र में सबसे कम तापमान मंडला में 5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। वहीं, राजस्थान में हिल स्टेशन माउंट आबू में पारा 8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। दोनों राज्यों में कल बारिश की संभावना भी है। उधर, दिल्ली में आज से एक हफ्ते तक कोहरे के साथ-साथ आंधी, तूफान और बारिश की आशंका जताई गई है। मौसम विभाग ने कहा कि आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में 4 डिग्री और अधिकतम तापमान में 7 डिग्री की गिरावट आ सकती है। हिमाचल प्रदेश के हंसा में 15 सेमी और मुरंग में 10 सेमी बर्फबारी हुई। ताबो में तापमान माइनस 4.3 डिग्री पहुंच गया। मौसम विभाग ने कहा है कि मंगलवार को चंबा, किन्नौर, कुल्लू, लाहौल स्पीति में बर्फबारी होगी, जिससे तापमान और गिरेगा।