उपराष्ट्रपति चुनाव 9 सितंबर को:नामांकन 21 अगस्त तक भरे जाएंगे
नई दिल्ली।
उपराष्ट्रपति चुनाव 9 सितंबर को होगा। 21 अगस्त तक उपराष्ट्रपति पद के लिए नामांकन भरे जाएंगे। जगदीप धनखड़ ने 21 जुलाई की रात अचानक उपराष्ट्रपति के पद से इस्तीफा दिया था। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 22 जुलाई को धनखड़ का इस्तीफा मंजूर कर लिया था। 74 साल के धनखड़ का कार्यकाल 10 अगस्त 2027 तक था।
कैसे होता है चुनाव
उपराष्ट्रपति का चुनाव एक विशेष निर्वाचक मंडल द्वारा किया जाता है, जिसमें संसद के दोनों सदनों (लोकसभा और राज्यसभा) के सभी सदस्य शामिल होते हैं। यह चुनाव आनुपातिक प्रतिनिधित्व प्रणाली और एकल हस्तांतरणीय मत के आधार पर होता है। उपराष्ट्रपति पद के लिए उम्मीदवार को भारत का नागरिक होना चाहिए, 35 वर्ष की आयु पूरी करनी चाहिए और राज्यसभा सांसद के लिए योग्य होना चाहिए।
क्या हैं उम्मीदवार की शर्तें
कोई भी व्यक्ति जो केंद्र या राज्य सरकार या किसी स्थानीय प्राधिकरण के अधीन लाभ का पद धारण करता हो, उपराष्ट्रपति पद के लिए अयोग्य होगा। यह चुनाव देश के लिए महत्वपूर्ण है, क्योंकि उपराष्ट्रपति न केवल राज्यसभा के सभापति के रूप में कार्य करता है, बल्कि राष्ट्रपति की अनुपस्थिति में उनकी जिम्मेदारियां भी संभालता है।