सीएम मोहन यादव का ऐलान, सिंहस्थ 2028 के लिए बाबा महाकाल की नगरी में बसेगी भव्य टेंट सिटी
भोपाल।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने गुजरात के कच्छ में आयोजित रण उत्सव की तर्ज पर उज्जैन में 2028 में होने वाले सिंहस्थ कुंभ के दौरान एक 'टेंट सिटी' विकसित करने की घोषणा की है। सोमवार को वह गुजरात की यात्रा पर थे। इसी दौरान उन्होंने यह जानकारी दी। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में शुरू हुआ 'रण उत्सव' भारत की सांस्कृतिक पहचान और पर्यटन क्षमता का एक वैश्विक प्रतीक बन गया है।
बंजर इलाके में विकास का मॉडल
मुख्यमंत्री यादव ने गुजरात के कच्छ में 'रण उत्सव' में भाग लिया और वहां की विश्व स्तरीय टेंट सिटी का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि जो इलाका कभी बंजर था, वह अब किसानों की भागीदारी से पर्यटन, आजीविका और विकास का एक मॉडल बन गया है। गुजरात के लोक कलाकारों के जीवंत प्रदर्शन और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत इस उत्सव को एक खास पहचान देते हैं। यह एक प्रेरणादायक उदाहरण है।
सिंहस्थ में बनाएंगे टेंट सिटी
मुख्यमंत्री ने बताया कि 2028 में उज्जैन में होने वाले सिंहस्थ कुंभ के दौरान 'रण उत्सव' की तरह ही एक टेंट सिटी बनाई जाएगी। मध्य प्रदेश में अन्य प्रमुख पर्यटन स्थलों पर भी ऐसी टेंट सिटी विकसित करने की योजनाएं चल रही हैं। इससे स्थानीय लोगों को रोजगार मिलेगा और किसानों को भी फायदा होगा। मुख्यमंत्री यादव ने भुज में बने 'स्मृति वन' का भी जिक्र किया, जो भूकंप पीड़ितों की यादों को संजोने के लिए बनाया गया है। यह करुणा और सामूहिक संकल्प का एक शक्तिशाली प्रतीक है।

Supreme Court of India सख्त, CJI बोले- न्यायपालिका को बदनाम करने की इजाजत नहीं