हाईवे के बीच फंसा खेत, किसान की फरियाद, सीएम साहब! रास्ता नहीं तो हेलीकॉप्टर भेज दीजिए
उज्जैन।
मध्य प्रदेश के उज्जैन में एक किसान ने मुख्यमंत्री से अपने खेत पर जाने के लिए अनोखी मांग की है. किसान ने मुख्यमंत्री से हेलीकॉप्टर की मांग कर दी जो चर्चा का विषय बन गई. बकायदा इसके लिए क्षेत्रीय एसडीएम को किसान ने एक आवेदन भी लिखा है. किसान ने अपनी परेशानी बताते हुए कहा कि, ''मेरे खेत से लगा गरोठ हाईवे निकला है, खेत पर जाने के लिए कोई रास्ता ही नहीं है. कई बार सीएम हेल्पलाइन, तहसील कार्यालय, कलेक्टर जनसुनवाई में शिकायतें की, लेकिन कोई स्थाई निराकरण नहीं हो पाया. ऐसी ही हालत रही तो आने वाले दिनों में पूरे परिवार की जहर खाने की नौबत आ जाएगी.
कौन है किसान, कितनी है जमीन?
किसान का नाम मानसिंह पिता रामलाल राजोरिया है, जो कि गांव उटेसरा तहसील घट्टिया जिला उज्जैन का रहने वाला है. किसान ने बताया, ''उसके पास लगभग 5 बीघा जमीन है. जो उसके और उसके भाई के नाम से है. जब उज्जैन गरोठ हाइवे का निर्माण हो रहा था, इसमें से डेढ़ बीघा जमीन जो भाई के हिस्से की थी वो अधिग्रहण में गई. शासन ने उसका मुआवजा भी दिया. लेकिन अब दोनों भाइयों के पास 3.5 बीघा लगभग जमीन ही बची है, उसी से परिवार का अब तक पालन पोषण होता आया है.
बीते डेढ़ सालों से हाईवे के कारण लहसुन, प्याज, सोयाबीन की फसलें बर्बाद हुई और उचित दाम भी नहीं मिल पाए. मुख्य कारण गरोठ हाईवे बनने से खेत पर आने जाने का रास्ता ही नहीं बचा. सामने हाईवे है और आस पास दूसरे किसानों का खेत है. खेत में आने जाने का एक मात्र रास्ता था जो हाईवे के कारण बंद हो गया. कोई अंडरपास, कोई मार्ग हाईव के दौरान नहीं बनाया गया. अब तो परिवार के पालन पोषण में दिक्कत आ रही है जमीन बंजर हो चुकी है."
कई जगह शिकायतें कीं, स्थाई समाधान नहीं निकला
किसान मानसिंह ने बताया, ''खेत तक जाने के लिए कई बार मैंने तहसीलदार को, एसडीएम को और कलेक्टर को आवेदन दिए. सीएम हेल्प लाइन में शिकायत की, बावजूद कोई स्थाई निराकरण नहीं निकल पा रहा है. अब तो आवेदन देने की भी क्षमता नहीं बची. आवेदन दे-देकर मैं थक चुका हूं. मेरी चप्पलें घिस गई हैं. इसलिए हेलिकाप्टर की सुविधा उपलब्ध करवाने की मांग की है, जिससे में अपनी कृषि भूमि पर कृषि कार्य कर अपना व अपने परिवार का पालन पोषण कर सकूं. अगर यह भी उपलब्ध नहीं करा पाये तो मुझे और मेरे परिवार को अनाज के अलावा पेट भरने के लिये सिर्फ जहर देना ही बाकी रह गया है.''

राशिफल: जानिए, कैसा रहेगा आपका आज का दिन (26 फ़रवरी 2026)
छत्तीसगढ़ विधानसभा में राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा, सीएम साय का कांग्रेस पर हमला
रीवा के केमिकल-फ्री रंगों की देशभर में डिमांड, मंदिरों के फूलों से बन रहा होली का गुलाल
जबलपुर में 5 अफगानी घुसपैठिए 10 मार्च तक न्यायिक रिमांड पर, दमोह में बनवाए थे फर्जी पासपोर्ट
विधानसभा में गूंजा निराश्रित गौवंश का मुद्दा
बेटी की लव मैरिज से नाराज़ पिता बना ‘बुलडोजर बाबा’, JCB से दामाद का घर ढहाया