उज्जैन।
शहर में भारतीय जनता पार्टी के नगर अध्यक्ष का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में वह भाजपा कार्यालय में कार्यकर्ताओं और पदाधिकारी से चर्चा करते नजर आ रहे हैं। इस बातचीत के दौरान भाजपा नगर अध्यक्ष बातों ही बातों में 'कांग्रेस का सत्यानाश' होने के साथ ही 'धर्म का नाश' होने की बात भी कह देते हैं। इस दौरान उन्हें पार्टी के ही कुछ लोग गलत बोलने पर टोकते हैं, लेकिन वह किसी की बात नहीं मानते। यह वीडियो वायरल होने के बाद कांग्रेस इस मामले को मुद्दा बनती नजर आ रही है। बताया जाता है कि भाजपा नगर अध्यक्ष संजय अग्रवाल नव नियुक्त जिला पदाधिकारियों के स्वागत कार्यक्रम के दौरान भाजपा कार्यालय पर भाषण दे रहे थे। तभी उन्होंने 'कांग्रेस का सत्यानाश हो' बोलने के साथ-साथ 'धर्म का नाश हो' भी बोल दिया। उनके इस बयान के बाद मंच पर आसीन पदाधिकारी ने उन्हें रोककर समझने की कोशिश की, लेकिन कुछ देर तक उन्होंने पदाधिकारी की बात भी नहीं सुनी। इसके बाद हॉल में हंसी-ठिठोली होने लगी। तब उनको अपनी गलती का पता चला तो फिर उन्होंने सामूहिक रूप से माफी मांगी। उन्होंने हो रहे शोर-शराबे को रोकते हुए कहा कि माफ कर दो। थोड़ी बहुत गलती तो काम करने वाले से होती है। 
कांग्रेसी आज जलाएंगे भाजपा नगर अध्यक्ष का पुतला
भाजपा नगर अध्यक्ष के द्वारा दिए गए बयान के बाद कांग्रेस सर अध्यक्ष मुकेश भाटी और जिला अध्यक्ष महेश परमार ने इस कहा कि कांग्रेस का सत्यानाश चाहने वाली भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी हमें बुरा कहते-कहते धर्म का नाश करने की बात कहते हैं, जोकि सरासर गलत है। आज हम भाजपा नगर अध्यक्ष का पुतला दहन करेंगे।