उज्जैन। 
उज्जैन सिंहस्थ क्षेत्र में किसानों की जमीनों के स्थायी अधिग्रहण के मुद्दे पर अब भारतीय किसान संघ और सरकार के बीच गतिरोध बढ़ता जा रहा है। किसान संघ अब इस मामले में बड़ा प्रदेश व्यापी आंदोलन करने जा रहा है। 16 सितंबर को उज्जैन में भारतीय किसान संघ के नेतृत्व में 500 से ज्यादा ट्रैक्टरों की रैली निकाली जाएगी।
16 सितंबर को उज्जैन आएंगे किसान संघ के राष्ट्रीय महामंत्री
भारतीय किसान संघ के प्रदेश अध्यक्ष कमल सिंह आंजना ने बताया कि 16 सितंबर को किसान संघ के अखिल भारतीय महामंत्री मोहिनी मोहन मिश्र उज्जैन आ रहे हैं। वे मंगलवार को आयोजित सामाजिक न्याय परिसर से निकलने वाली किसान ट्रैक्टर रैली में शामिल होंगे। आंजना ने बताया कि प्रदेश व्यापी आंदोलन के तहत प्रदेशभर के तहसील मुख्यालयों में किसानों की विभिन्न समस्याओं व मांगो के ज्ञापन सौंपे जा रहे हैं। उज्जैन में सिंंहस्थ क्षेत्र में जमीनों के स्थाई अधिग्रहण से प्रभावित गांवों के किसानों के साथ राष्ट्रीय महामंत्री मोहिनी मोहन मिश्र की उपस्थिति में ज्ञापन दिया जाएगा। इसी दौरान सिंहस्थ में लैंड पुलिंग एक्ट पर किसान संघ अपना अगला रुख किसानों के बीच घोषित करेगा।
कौन हैं मोहिनी मोहन मिश्र
भारतीय किसान संघ में मोहिनी मोहन मिश्र बड़े क्रांतिकारी नेता माने जाते हैं। मिश्र उड़ीसा के निवासी और आरएसएस के वरिष्ठ प्रचारक हैं। वे दूसरी बार किसान संघ के राष्ट्रीय महामंत्री की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। मिश्र कृषि में स्नातकोत्तर व गोल्ड मेडलिस्ट हैं। हिंदी, अंग्रेजी, उड़िया सहित अनेक भाषाओं पर अच्छी पकड़ व विषयों का ज्ञान है।
प्रदेश में किसान संघ है बड़ी ताकत
मध्यप्रदेश में भारतीय किसान संघ के तीनों प्रांतों मालवा, मध्यभारत व महाकौशल में वर्तमान में 12 लाख से ज्यादा किसानों की सदस्यता है। मालवा और मध्यभारत प्रांत में किसानों की बड़ी ताकत किसान संघ के पास है। 8 से 10 हजार गांवों में ग्राम समितियां हैं जिनमें प्रत्येक ग्राम समिति में किसान संघ के पचास मुख्य कार्यकर्ता हैं जो किसान संघ के साथ लंबे समय से काम कर रहे हैं।