उज्जैन। 
उज्जैन में शनिवार को शिप्रा नदी में कार गिरने से लापता हुए 3 पुलिसकर्मियों में से 2 के शव बरामद कर लिए गए। सोमवार को दिनभर चले रेस्क्यू के बाद नेशनल डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स (NDRF), होमगार्ड और गोताखोरों की टीम ने एसआई मदनलाल निमामा का शव शाम करीब 4.30 बजे बरामद कर लिया। कॉन्स्टेबल आरती पाल अब भी लापता है। इससे पहले रविवार सुबह करीब 8 बजे उन्हेल टीआई अशोक शर्मा का शव घटना स्थल से 4 किलोमीटर दूर बरामद किया गया था। कार नंबर MP13 CC 7292 का बंपर घटना स्थल से करीब 3 किलोमीटर दूर भृतहरि गुफा के सामने घाट के पास मिला है। पुलिस टीम मौके पर है। संभावना जताई जा रही है कि कार भी आसपास हो सकती है।
रविवार शाम के बाद अंधेरा होने के चलते रेस्क्यू बंद कर दिया गया था। सोमवार को फिर NDRF के 30, होमगार्ड के 20 से ज्यादा और शिप्रा तैराक दल के करीब 22 लोगों की टीम सर्चिंग में जुटे रहे।
एसपी प्रदीप शर्मा ने कहा-
तीनों पुलिसकर्मी शनिवार को उज्जैन से चिंतामन के लिए निकले थे। वे एक लड़की के लापता होने के मामले की जांच करने जा रहे थे। इसी दौरान उनकी कार पुल से अनियंत्रित होकर शिप्रा में जा गिरी। थाना प्रभारी अशोक शर्मा के परिवार को जल्द अनुकंपा नियुक्ति दी जाएगी। पेंशन सहित अन्य सरकारी कार्य में मदद करने का पूरा प्रयास करेंगे।