उज्जैन। 
उज्जैन के पिपलीनाका क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण के लिए लगाए गए निशान के बाद स्थानीय रहवासियों में भारी गुस्सा है। गुरुवार को इस मुद्दे पर करीब 400 से ज्यादा लोग विरोध दर्ज कराने के लिए क्षेत्रीय विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा के आगर रोड स्थित दफ्तर जा पहुंचे। विधायक ने लोगों को समझाइश दी और कार से कहीं जाने लगे। इस दौरान आक्रोशित भीड़ ने उनकी गाड़ी को बीच में ही रोक लिया। लोग विधायक को भाजपा कार्यालय भी ले गए यहां महिलाएं रोते हुए दफ्तर के भीतर घुस गईं और जमकर नारेबाजी की। करीब एक घंटे से ज्यादा समय तक हंगामे की स्थिति बनी रही।
चौड़ीकरण के दायरे में आने वाले लोगों को नोटिस
दरअसल, नगर निगम ने मंगलवार को पिपलीनाका से गढ़कालिका और भैरवगढ़ मार्ग पर सड़क चौड़ीकरण के दायरे में आने वाले लोगों को नोटिस जारी किए थे। भवन स्वामियों को निर्देश दिए गए कि वे प्रभावित हिस्से को सात दिनों के भीतर खुद ही खाली कर दें।
स्थानीय लोगों के अनुसार कई मकानों का 10 से 20 फीट तक हिस्सा सड़क चौड़ीकरण में आ रहा है। इससे कई परिवारों के मकान और रोजी-रोटी पर असर पड़ने की संभावना जताई जा रही है।
विधायक बोले- समाधान की कोशिश करेंगे
विरोध प्रदर्शन के दौरान कई महिलाएं अपना घर टूटने के डर से रोती-बिलखती नजर आईं। उन्होंने विधायक से कहा कि हमने वोट देकर आपको चुना, लेकिन अब हमारे घरों को ही तोड़ा जा रहा है। विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा ने प्रदर्शनकारियों की बात सुनने के बाद कलेक्टर रोशन सिंह से फोन पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि वे प्रभावित लोगों को कलेक्टर से मिलवाएंगे और इस मुद्दे पर समाधान निकालने की कोशिश करेंगे।
रहवासियों का दर्द- घर टूट गया तो कहां जाएंगे?
सड़क चौड़ीकरण के दायरे में आए परिवारों के सामने अब छत खोने का संकट खड़ा हो गया है। प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने अपनी हालत बयान की।