उज्जैन । 
उज्जैन भाजपा नगर अध्यक्ष संजय अग्रवाल के विरोध में कांग्रेस ने प्रदर्शन किया. आरोप है कि संजय अग्रवाल ने आपत्तिनजक नारा लगाया. इस मामले का कांग्रेस विधायक महेश परमार ने सोशल मीडिया पर रविवार को एक वीडियो वायरल किया. 29 सेकंड के वायरल वीडियो में भाजपा कार्यालय पर एक कार्यक्रम के दौरान संजय अग्रवाल कह रहे हैं "कांग्रेस का सत्यानाश हो, प्राणियों में सद्भावना हो, धर्म का नाश हो." इसी के विरोध में सोमवार दोपहर कांग्रेस ने भाजपा नगर अध्यक्ष के पुतले जलाए. हालांकि जब बीजेपी नेताओं ने टोकाटाकी की तो बीजेपी नगर अध्यक्ष को गलती का अहसास हुआ. इस पर उन्होंने तुरंत गलती सुधारी. भाषण के दौरान तत्काल संजय अग्रवाल ने कहा "रात को 02:30 बजे सोया हूं. गलती तो काम करने वालो से ही होती है.
गौमूत्र और शिप्रा के अलावा गंगाजल लेकर पहुंचे कांग्रेस नेता
कांग्रेस नेता गौमूत्र के साथ ही शिप्रा नदी एवं गंगा जल लेकर भाजपा कार्यालय पर शुद्धिकरण के लिए पहुंचे. वहीं, भाजपा कार्यालय पर भी कार्यकर्ताओ की भीड़ एकत्रित हो गई. दोनों के आमने-सामने होने से माहौल गर्माता देख पुलिस ने बेरेकेटिंग की और किसी प्रकार हालात संभाले. इस दौरान कांग्रेस नेता बीजेपी दफ्तर में तो प्रवेश नहीं कर पाए लेकिन शहर भर में रैली निकाली और भाजपा नगर अध्यक्ष के विरुद्ध नारेबाजी की. कांग्रेस ने संजय अग्रवाल के महाकाल मंदिर लड्डू प्रसादी यूनिट के पूर्व के भी एक मुद्दे को उठाया है. बीजेपी विधायक महेश परमार का कहना है "बीजेपी नगर अध्यक्ष ने सभी हिंदुओं को अपमानित किया है. ऐसे नेता के खिलाफ मुुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को कार्रवाई करनी चाहिए."