मध्य प्रदेश के बीस जिलों का पारा 40 डिग्री पार

-
आज 44 डिग्री पार जा सकता है प्रदेश का तापमान
भोपाल। मध्य प्रदेश में गर्मी ने अपना भीषण रूप दिखाना शुरू कर दिया है। प्रदेश का अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। प्रदेश के बीस शहरों का तापमान 40 डिग्री पार पहुंच गया है। मध्य प्रदेश में गर्मी के तेवर तीखे हो गए हैं। गुरुवार को सबसे अधिक 43.6 डिग्री सेल्सियस तापमान नर्मदापुरम में दर्ज किया गया। नर्मदापुरम गुरुवार को देश के सबसे गर्म शहरों में 10वें नंबर पर रहा। 20 शहरों में अधिकतम तापमान 40 से 43.6 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। रतलाम में लू का प्रभाव रहा। मौसम विभाग का कहना है कि गुजरात एवं राजस्थान में तपिश काफी बढ़ गई है। वहां से आ रही गर्म हवाओं के कारण मध्य प्रदेश में भी गर्मी बढ़ गई है। आज शुक्रवार को तापमान में और बढ़ोतरी होने की संभावना है।
नर्मदापुरम-रतलाम सबसे गर्म रहा
गुरुवार को नर्मदापुरम सबसे गर्म रहा। यहां अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री दर्ज किया गया। रतलाम में 43.2 डिग्री रहा। गुना में 42.4 डिग्री, शाजापुर में 42.1 डिग्री, नरसिंहपुर-धार में 42 डिग्री, टीकमगढ़ में 41.5 डिग्री, सागर में 41.4 डिग्री, नौगांव, खजुराहो-मंडला में 41 डिग्री दर्ज किया गया। इसी तरह खरगोन में 40.6 डिग्री, खंडवा-दमोह में 40.5 डिग्री, रायसेन में 40.4 डिग्री और शिवपुरी में 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बड़े शहरों की बात करें तो ग्वालियर सबसे गर्म रहा। यहां दिन का पारा 42 डिग्री रहा। भोपाल में 41.1 डिग्री, इंदौर में 40.4 डिग्री, उज्जैन में 41.5 डिग्री और जबलपुर में 39.6 डिग्री रहा।