कुबेरेश्वर धाम में तीन दिन में तीन मौत

- गुजरात की महिला श्रद्धालु ने तोड़ा दम
- रुद्राक्ष महोत्सव के समापन में शामिल होने पहुंचे सीएम
सीहोर। सीहोर के कुबेरेश्वर धाम में तीन दिन में तीन श्रद्धालुओं की मौत हो चुकी है। सोमवार सुबह करीब 6 बजे अचेत हालत में मिलने पर एक महिला को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। यहां डॉक्टरों ने उसकी मौत की पुष्टि की। कोतवाली थाना पुलिस को जानकारी भेजी। प्राथमिक जानकारी के मुताबिक, महिला का नाम मंजू (55) है। वह कुबेरेश्वर धाम में चल रहे रुद्राक्ष महोत्सव में कथा सुनने गुजरात से आई थी। उसके साथ कौन था और वह गुजरात में कहां की रहने वाली है, इसका पता नहीं चल सका है। इससे पहले कुबेरेश्वर धाम में रविवार को गोलू कोष्टा (25) की मौत हुई थी। वह जबलपुर का रहने वाला था। गोलू के रिश्तेदार राहुल कोष्टा ने बताया कि वह अपने चार साथियों के साथ कथा सुनने पहुंचा था। तेज गर्मी के कारण उसे चक्कर आ गया और वह नीचे गिर पड़ा। जिला अस्पताल में डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। शनिवार को धाम में कानपुर से आए विजेंद्र ने दम तोड़ दिया था।
शिव पुराण कथा सुनने पहुंचे मुख्यमंत्री
कुबेरेश्वर धाम में सात दिवसीय रुद्राक्ष महोत्सव की शुरुआत 25 फरवरी को हुई थी। आज समापन है। इसमें शामिल होने के लिए सीएम डॉ. मोहन यादव भी करीब साढ़े 10 बजे यहां पहुंच चुके हैं। रुद्राक्ष महोत्सव के दौरान बीते 6 दिन में करीब 30 लाख लोग कुबेरेश्वर धाम आ चुके हैं। यहां शिवपुराण कथा के साथ एक करोड़ रुद्राक्ष अभिमंत्रित किए गए हैं। धाम की विठलेश सेवा समिति के मुताबिक, धाम में रोजाना करीब 10 लाख लोग कथा सुनने आ रहे हैं। समिति ने शनिवार को घोषणा की है कि यहां हर दिन एक कन्या का नि:शुल्क विवाह कराया जाएगा।