सिंगरौली। 
सिंगरौली के बैंक ऑफ महाराष्ट्र में डकैती के बाद पुलिस ने बैंक सील कर दिया है। छत्तीसगढ़ और उत्तर प्रदेश पुलिस की मदद से आरोपियों की तलाश की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। बता दें, शुक्रवार को पांच बदमाश बैंक से 15 करोड़ का सोना और 20 लाख रुपए कैश ले गए थे। तीन बदमाशों के चेहरे भी सीसीटीवी में दिखाई दिए हैं। इधर, प्रभारी मंत्री संपतिया उइके भी शनिवार दोपहर सिंगरौली पहुंचेंगी। डीजीपी कैलाश मकवाना के साथ मिलकर जिले के सभी अधिकारियों की बैठक लेंगी।
खांसने पर गोली मारने की धमकी दीं
बैढ़न में विंध्य नगर रोड पर बैंक ऑफ महाराष्ट्र की ब्रांच है। यह व्यस्ततम इलाका है। आसपास बड़ी-बड़ी दुकानें, कपड़े और जूते की कंपनियों के शोरूम हैं। शुक्रवार दोपहर माहौल सामान्य था। बैंक में भी सात ग्राहक मौजूद थे। सभी अपने-अपने काम से आए थे। विनोद कुमार भी डेबिट कार्ड लेने बैंक आए थे, क्योंकि बैंक की तरफ से लगातार कॉल आ रहे थे। विनोद ने बताया कि करीब 12 बजकर 50 मिनट हो रहा था। दो लोग अंदर आए। उन्होंने इधर–उधर कुछ देखा। दो मिनट बाद तीन लोग और आ गए। इनमें से एक ने हेलमेट पहन रखा था।
तीन लोगों के पास पिस्टल और बाकी दो के पास कट्‌टा था। सभी ने हथियार निकाले। धमकी देते हुए ग्राहक और कर्मचारियों पर कट्‌टा तान दिया। सभी से मोबाइल फोन एक जगह नीचे रखवा दिया। दो-तीन लोगों ने नहीं रखे तो हवाई फायर कर दिया। डर के मारे उन्होंने भी फोन रख दिए। सभी ग्राहकों को दीवार किनारे सिर झुकाकर बैठा दिया। दोनों हाथ सिर पर रखने के लिए कहा। एक महिला ने बताया कि बदमाशों ने खांसने तक पर गोली मारने की धमकी दी। ऐसा लगा- जैसे आज तो जान गई।
मैनेजर से कहा- तुम छत्तीसगढ़ की हो, वहीं आकर गोली मारूंगा
विनोद कुमार के मुताबिक, एक बदमाश मेन गेट पर खड़ा हो गया। दो लोग ग्राहकों के पास पिस्टल अड़ाकर बैठ गए। मैं भागने की फिराक में था तो मुझे पिस्टल से मारा।
चौथा बदमाश बैंक मैनेजर के चैंबर में गया। महिला मैनेजर की कनपटी पर कट्‌टा अड़ा दिया, जबकि पांचवां बदमाश कैशियर के पास पहुंचा। उसने धमकी देकर कैशियर से पेटी में रखा कैश निकलवाया। फिर अपने पिट्‌ठू बैग से कपड़े का झोला निकाला। नोटों की गडि्डयां उसमें भर लीं। चौथे बदमाश ने बैंक मैनेजर से लॉकर की चाभी मांगी। मैनेजर ने कहा कि कस्टमर के लॉकर हैं, उन्हीं के पास चाबी है। हम नहीं खोल पाएंगे। बदमाश ने कहा कि तुम छत्तीसगढ़ की हो, तुम्हारा घर मुझे पता है। मैं तुम्हें वहीं आकर गोली मारूंगा। मुझे पता है, कौन सा लॉकर है। मुझे गोल्ड लोन वाले लॉकर की चाभी दो। वो तुम्हारे पास है। मैनेजर नहीं मानी तो उसे थप्पड़ मारा। कनपटी पर कट्‌टा अड़ाकर बोला कि देती हो या भेजा उड़ा दूं।

एक आरोपी बिहार से पकड़ा
एसपी मनीष खत्री ने बताया कि पुलिस ने एक बदमाश को बिहार से पकड़ा है। 10 टीमें अन्य आरोपियों की तलाश कर रही हैं। बिहार में एक आरोपी को पकड़ लिया गया है। एक अन्य आरोपी के झारखंड में छिपे होने की जानकारी मिली है, उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। बदमाशों की गिरफ्तारी पर 50 हजार का इनाम घोषित किया गया है।