• रोहिंग्या कॉरिडोर के बहाने सेंट मार्टिन द्वीप बेचने की साजिश हो रही

नई दिल्ली। बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने अंतरिम सरकार के प्रमुख मोहम्मद यूनुस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि यूनुस को आतंकियों का समर्थन प्राप्त है और वह देश कसंप्रभुता को खतरे में डाल रहे हैं। हसीना की तरफ से फेसबुक पर जारी किए गए बयान में कहा गया कि यूनुस के शासन में देश में अपराध और हिंसा बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि अब महिलाएं शहरों में सुरक्षित महसूस नहीं करतीं और त्योहारों पर लोग गांव जाने से डरते हैं, क्योंकि आतंकियों का डर बना रहता है। शेख हसीना ने यह भी दावा किया कि यूनुस 2026 में चुनाव कराने की बात कहकर बांग्लादेश की जनता के साथ अप्रैल फूल जैसा मजाक करना चाहते हैं।

हसीना ने यूनुस परसेंट मार्टिन द्वीप बेचने की साजिश का आरोप लगाया

हसीना ने कहा कि मोहम्मद यूनुस संयुक्त राष्ट्र (UN) के एक पुराने सुझाव को लेकर रोहिंग्या कॉरिडोर बनाने की तैयारी कर रहे हैं। इसके लिए बांग्लादेश का सेंट मार्टिन द्वीप बेचा जा सकता है और समुद्र तक देश की पहुंच खतरे में पड़ सकती है।हसीना ने चेतावनी दी कि यह कॉरिडोर देश की सुरक्षा के लिए खतरा बन सकता है और विदेशी ताकतें इसका फायदा उठा सकती हैं। सेना प्रमुख ने भी इसे खूनी कॉरिडोर बताया था और कहा था कि इस पर कोई फैसला केवल चुनी हुई सरकार ही ले सकती है।हसीना ने दावा किया कि अगर वह अमेरिका को सेंट मार्टिन द्वीप और बंगाल की खाड़ी सौंप देतीं, तो आज भी सत्ता में होतीं। लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया, क्योंकि वह देश की संप्रभुता से समझौता नहीं कर सकतीं।

हसीना ने यह भी आरोप लगाया कि यूनुस रोहिंग्या शरणार्थियों की समस्या को नहीं सुलझा पा रहे हैं और उनकी संख्या लगातार बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि अवामी लीग के कार्यकर्ताओं की हत्या हो रही है और यूनुस उन्हें सुरक्षा देने में विफल हैं।

बांग्लादेश से सेंट मार्टिन द्वीप मांग रहा था अमेरिका

जून 2021 में बांग्ला अखबारों में दावा किया गया था कि अमेरिका, बांग्लादेश से सेंट मार्टिन द्वीप की मांग कर रहा है। वह यहां मिलिट्री बेस बनाना चाहता है।इसके बाद बांग्लादेश वर्कर्स पार्टी के अध्यक्ष रशीद खान मेनन ने भी संसद में कहा कि अमेरिका सेंट मार्टिन द्वीप हासिल करना चाहता है और क्वाड का मेंबर बनने के लिए दबाव बना रहा है।

सेंट मार्टिन द्वीप जिसे लेकर बांग्लादेश की राजनीति में इतना हंगामा मचा वह सिर्फ 3 वर्ग किमी का एक द्वीप है। म्यांमार से इसकी दूरी सिर्फ 5 मील है। जून 2023 को PM हसीना ने कहा था कि विपक्षी BNP पार्टी अगर सत्ता में आई तो वे सेंट मार्टिन बेच देंगे।