पीसीसी चीफ ने रेत का डंपर रोका, रॉयल्टी स्लिप मांगी:तारीख-समय नहीं देखकर वैधता पर सवाल उठाए: शहडोल के अस्पताल में स्टाफ पर भड़के
शहडोल।
शहडोल में कांग्रेस के मध्यप्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी का अलग अंदाज दिखा। पटवारी ने यहां रेत से भरे डंपरों को रोका। ड्राइवरों से बात कर रॉयल्टी के कागज चेक किए। इसके बाद वे देवलोंद अस्पताल पहुंचे। यहां व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि प्रदेश में रेत, शराब सहित अपराध माफिया हावी हैं। सरकार उनके सुपुर्द हो चुकी है। वे इस संबंध में मुख्यमंत्री मोहन यादव से बात करेंगे। दरअसल, पीपीसी चीफ पटवारी बुधवार को रीवा में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष श्रीनिवास तिवारी की प्रतिमा के अनावरण कार्यक्रम में पहुंचे थे। यहां से लौटते वक्त उन्होंने शहडोल में सड़क पर रेत के डंपर देखे। उन्होंने अपना काफिला रुकवाया। फिर ड्राइवर से डंपर रोकने को कहा। टीपी और रॉयल्टी के कागज मांगे। वे खुद डंपर पर चढ़ गए। ड्राइवर साइड के दरवाजे पर बैठकर रॉयल्टी समेत दूसरे कागज देखे। रॉयल्टी स्लिप में तारीख और समय दर्ज नहीं था। जिसको लेकर पटवारी ने इसकी वैधता पर सवाल उठाए।
बोले- जनता को बुनियादी स्वास्थ्य सुविधाएं नहीं मिल रहीं
पीसीसी चीफ पटवारी इसके बाद देवलोंद अस्पताल पहुंचे। यहां उन्हें वार्डों में गंदगी दिखी। मरीजों ने दवाइयों और स्टाफ की कमी की शिकायत की। इस पर उन्होंने अस्पताल स्टाफ को फटकार लगाई। पटवारी ने कहा कि जनता को बुनियादी स्वास्थ्य सुविधाएं भी नहीं मिल पा रही हैं। अस्पतालों में लोग इलाज के लिए भटक रहे हैं। उन्होंने सरकार पर ऐसे मुद्दों पर कार्रवाई न करने और चुप्पी साधने का आरोप लगाया।

बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: MP में 62 IPS अफसरों का तबादला, 19 जिलों के SP बदले