सिवनी। 
सिवनी में एक करोड़ रुपए से अधिक की राशि जब्त करने के मामले में लापरवाही बरतने पर जबलपुर जोन के आईजी प्रमोद वर्मा ने 9 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। निलंबित होने वालों में बंडोल थाना प्रभारी एसआई अर्पित भैरम, दो प्रधान आरक्षक और 6 आरक्षक शामिल हैं। इसके अलावा, एसडीओपी पूजा पांडे को भी निलंबित कर दिया है। कार्रवाई नागपुर के कुछ लोगों से जब्त की गई राशि के संबंध में लिखा-पढ़ी में देरी और उचित कार्रवाई न होने के कारण की गई है। बंडोल थाना प्रभारी अर्पित भैरम और नगर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) पूजा पांडे ने बुधवार देर रात एक वाहन से नागपुर के कुछ लोगों से एक करोड़ रुपए से अधिक की नकदी जब्त की थी। आरोप है कि इस राशि की लिखा-पढ़ी करने और संबंधितों पर कार्रवाई करने में थाना प्रभारी व सीएसपी ने काफी विलंब किया। गुरुवार देर रात तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया था कि कितनी राशि जब्त की गई है। क्या कार्रवाई की जा रही है।
सीएसपी पूजा पांडे भी सस्पेंड
जानकारी मिलने पर जबलपुर आईजी प्रमोद वर्मा ने संज्ञान लिया। उन्होंने देर रात करीब 10 बजे निलंबित करने का आदेश जारी कर दिया। मामले की जांच जारी है। सीएसपी पूजा पांडे को भी दूसरे दिन सस्पेंड कर दिया। यह कार्रवाई डीजीपी कैलाश मकवाना ने की। आईजी प्रमोद वर्मा की ओर से जारी आदेश में उल्लेख किया गया है कि सिवनी जिले में पदस्थ/कार्यरत जिला पुलिस बल और 8वीं वाहिनी विसबल, छिंदवाड़ा के इन अधिकारियों/कर्मचारियों को संदिग्ध आचरण के कारण तत्काल प्रभाव से निलंबित कर पुलिस लाइन सिवनी से संबद्ध किया जाता है। निलंबन अवधि के दौरान इन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा और वे तीनों गणनाओं में पुलिस लाइन सिवनी में उपस्थित रहेंगे।