सेंसेक्स 250 अंक गिरकर 83,800 पर कारोबार कर रहा

-
ऑटो, IT और रियल्टी शेयरों में गिरावट
-
इंट्राडे ट्रेडर्स के लिए आज का दिन खास
मुंबई। हफ्ते के पहले कारोबारी दिन आज यानी सोमवार, 30 जून को सेंसेक्स 250 अंक गिरकर 83,800 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। निफ्टी में भी 70 अंक की गिरावट है, ये 25,570 के स्तर पर है। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 15 में गिरावट और 15 में तेजी है। ट्रेंट, इटरनल और एक्सिस बैंक आगे हैं। कोटक महिंद्रा बैंक, एयरटेल और M&M नीचे हैं। निफ्टी के 50 शेयरों में से 25 में गिरावट और 25 में तेजी है। NSE का सरकारी बैंकों वाला इंडेक्स 1.55% चढ़ा है। ऑटो, IT, रियल्टी, मेटल और प्राइवेट बैंकिंग में मामूली गिरावट है।
ग्लोबल मार्केट में तेजी
- एशियाई बाजारों में जापान का निक्केई 1.64% ऊपर 40,810 के स्तर पर और कोरिया का कोस्पी 0.67% चढ़कर 3,076 पर कारोबार कर रहा है।
- हॉन्गकॉन्ग का हैंगसेंग इंडेक्स 0.63% गिरकर 24,132 पर और चीन का शंघाई कंपोजिट 0.20% ऊपर नीचे 3,431 पर कारोबार कर रहा है।
- 27 जून को अमेरिका का डाउ जोन्स 1.00% चढ़कर 43,819 पर बंद हुआ। वहीं, नैस्डेक कंपोजिट 0.52% ऊपर 20,273 पर और S&P 500 0.52% चढ़कर 6,173 पर बंद हुए।
ट्रेडर्स को आज हाई अलर्ट पर रहने की जरूरत
आज का दिन शेयर बाजार के लिए अहम होने वाला है। वेल्थ-व्यू एनालिटिक्स के डायरेक्टर हरशुभ शाह के मुताबिक इस दिन ट्रेडर्स को हाई-अलर्ट पर रहना चाहिए। वहीं उन्होंने अपनी वीकली मार्केट रिपोर्ट में कुछ खास समय और स्तर बताए हैं। इसके अलावा अमेरिका के आर्थिक आंकड़े से लेकर विदेशी निवेशकों की खरीद-बिक्री और टेक्निकल फैक्टर्स बाजार की चाल तय करेंगे। चलिए समझते हैं कि इस हफ्ते बाजार में क्या हो सकता है…
निफ्टी के अहम स्तर
सपोर्ट जोन: 25,566 | 25,434 | 25,320 | 25,120 | 24,978 | 24,856
सपोर्ट यानी, वह स्तर जहां शेयर या इंडेक्स को नीचे गिरने से सहारा मिलता है। यहां खरीदारी बढ़ने से कीमत आसानी से नीचे नहीं जाती। इन स्तरों पर खरीदारी का मौका मिल सकता है।
रेजिस्टेंस जोन: 25,600 | 25,910 | 26,234
रेजिस्टेंस यानी, वह स्तर जहां शेयर या इंडेक्स को ऊपर जाने में रुकावट आती है। ऐसा बिकवाली बढ़ने से होता है। अगर निफ्टी रजिस्टेंस जोन को पार करता है, तो नई तेजी आ सकती है।