सेंसेक्स 600 अंक गिरकर 81,800 पर आया, निफ्टी 200 अंक टूटा

-
वजह- ऑयल सप्लाई का सबसे बड़ा रास्ता बंद कर सकता है ईरान
मुंबई । हफ्ते के पहले कारोबारी दिन आज यानी सोमवार, 23 जून को सेंसेक्स करीब 600 अंक नीचे 81,800 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। निफ्टी में भी करीब 200 अंक की गिरावट है, ये 24,930 के स्तर पर है। इंफोसिस, HCL टेक और HUL के शेयर करीब 2% नीचे हैं। मीडिया में 2.67% तेजी के अलावा, NSE के सभी इंडेक्स नीचे कारोबार कर रहे हैं। निफ्टी IT इंडेक्स सबसे ज्यादा 1.60% गिरा है। ऑटो इंडेक्स में 1.20% गिरावट है। मेटल, फार्मा और पीएयू बैंक इंडेक्स करीब आधा फीसदी नीचे हैं। निफ्टी मीडिया इंडेक्स 2.50% चढ़ कर कारोबार कर रहा है।
ऑयल सप्लाई का सबसे बड़ा रास्ता बंद कर सकता है ईरान
ईरान की संसद ने हाल ही में अमेरिकी हवाई हमलों के जवाब में स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को बंद करने का प्रस्ताव पास किया है। ये खबर से पूरी दुनिया के लिए अहम है, क्योंकि होर्मुज के रास्ते से ही दुनिया का 20-25% कच्चा तेल गुजरता है। ईरान के इस कदम से तेल की कीमत बढ़कर 80 डॉलर प्रति बैरल के करीब पहुंच गई है।
तेल की कीमत बढ़ने का मतलब है महंगाई बढ़ेगी। इससे तेल आयात करने वाले देशों की इकोनॉमी पर बुरा असर पड़ता है। निवेशकों में डर है कि अगर तेल महंगा हुआ तो कंपनियों की लागत बढ़ेगी, मुनाफा घटेगा। इसलिए बाजार में गिरावट है।
ग्लोबल मार्केट में भी गिरावट
- एशियाई बाजारों में जापान का निक्केई करीब 227 अंक नीचे 38,175 के स्तर पर और कोरिया के कोस्पी में करीब 21 अंक गिरकर 3,000 पर कारोबार कर रहा है।
- हॉन्गकॉन्ग का हैंगसेंग इंडेक्स 25 अंक (0.11%) गिरकर 23,505 के स्तर पर, जबकि चीन का शंघाई कंपोजिट 5 अंक ऊपर 3,365 पर कारोबार कर रहा है।
- 20 जून को अमेरिका का डाउ जोन्स 35 अंक चढ़कर 42,206.82 पर बंद हुआ। वहीं, नैस्डेक कंपोजिट 0.51% नीचे 19,447 पर और S&P 500 13 अंक नीचे 5,967.84 पर बंद हुआ।