सेंसेक्स 1000 अंक गिरकर 73,600 पर कारोबार कर रहा

-
निफ्टी भी 300 अंक लुढ़का; ऑटो और IT शेयरों में सबसे ज्यादा बिकवाली
मुंबई । हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन आज यानी शुक्रवार (28 फरवरी) को सेंसेक्स में करीब 1000 अंकों (1.31%) की गिरावट है। ये 73,600 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। निफ्टी में भी 300 अंक(1.33%) की गिरावट है, ये 22,250 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 28 में गिरावट और केवल दो में तेजी है। निफ्टी के 50 शेयरों में से 46 में गिरावट और केवल चार में तेजी है। NSE के सभी सेक्टोरल इंडेक्स में आज गिरावट है। सबसे ज्यादा गिरावट निफ्टी IT में 3.27%, ऑटो में 2.65%, मीडिया में 2.50%, सरकारी बैंकों में 2.05% और मेटल में 1.82% है। इसके अलावा, फार्मा, बैंकिंग, FMCG और फाइनेंशियल सर्विसेज में 1% तक की गिरावट है।
बाजार में गिरावट के 3 कारण:
- आज तीसरी तिमाही के जीडीपी आंकड़े जारी होंगे। इससे पहले निवेशक सतर्क है। भारत की अर्थव्यवस्था इस तिमाही में 6.3% की दर से बढ़ने का अनुमान है। सरकारी खर्चों में बढ़ोतरी ने घरेलू मांग की कमजोरी की भरपाई करने में मदद की। हालांकि, आगे की ग्रोथ को लेकर अनुमान थोड़ा संयमित है।
- गुरुवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने पुष्टि की कि कनाडा और मेक्सिको पर 25% टैरिफ 4 मार्च से लागू होगा। इसके अलावा, चीन पर पहले से लगे 10% टैरिफ के साथ 4 मार्च से 10% अतिरिक्त टैरिफ लगाया जाएगा। इससे बाजारों में दबाव बढ़ गया है। अमेरिका और एशियाई बाजारों में गिरावट है।
- 27 फरवरी को विदेशी निवेशकों (FIIs) ने 556.56 करोड़ रुपए के शेयर बेचे। 2025 में विदेशी निवेशकों ने 1 लाख करोड़ रुपए से अधिक वैल्यू के भारतीय शेयरों को बेच दिया है। इस बीच, म्यूचुअल फंड सहित घरेलू संस्थागत निवेशकों (DIIs) ने इस अवधि के दौरान 83,000 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे हैं।