राष्ट्रपति भवन से सीहोर के गंभीर सिंह पटेल बुलावा, स्वतंत्रता दिवस पर होंगे शामिल
भोपाल।
सीहोर जिले के भैरूंदा गांव निवासी प्रगतिशील किसान गंभीर सिंह पटेल को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति भवन में आयोजित स्नेह मिलन समारोह में शामिल होने के लिए विशेष आमंत्रण मिला है। यह आमंत्रण उन्हें सीधे राष्ट्रपति भवन से प्राप्त हुआ है। गंभीर सिंह को देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के साथ इस गरिमामयी कार्यक्रम में भाग लेने का गौरव प्राप्त होगा। पूरे मध्यप्रदेश से केवल दो कृषकों का चयन इस विशेष समारोह के लिए किया गया है। गंभीर सिंह पटेल के अलावा राजगढ़ जिले के ढावला गांव की महिला किसान सीमा मेवाड़ा को भी यह सम्मान मिला है। यह पूरे अंचल के लिए गर्व का विषय है कि प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने वाले दोनों किसान इस क्षेत्र से हैं।
कृषि नवाचार और सामाजिक सेवा के लिए सम्मान
गंभीर सिंह पटेल का चयन उनके कृषि क्षेत्र में किए गए नवाचार, जैविक खेती को बढ़ावा देने, पर्यावरण संरक्षण और किसानों को प्रशिक्षण देने जैसे कार्यों के लिए किया गया है। वे ग्रामीण क्षेत्र में कृषि जागरूकता और सामुदायिक सेवा के लिए विशेष पहचान रखते हैं। उनके योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर मान्यता मिलना न केवल उनके लिए बल्कि पूरे मालवा अंचल के लिए सम्मान की बात है।
राष्ट्रपति से सीधा संवाद, जीवन का यादगार पल
गंभीर सिंह पटेल ने कहा कि यह आमंत्रण उनके जीवन का एक अविस्मरणीय क्षण है। उन्होंने राष्ट्रपति महोदया और आयोजन समिति के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान केवल उनका नहीं, बल्कि पूरे गांव, क्षेत्र और उनके परिवार का है।