सीहोर।

सीहोर जिले में स्थित कुबेरेश्वर धाम(Kubereshwar Dham Stampede) से हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां भारी भगदड़ जैसी स्थिति बन गई, जिसमें दो महिलाओं की मौत हो गई है। वहीं 10 से ज्यादा लोगों के घायल होने की खबर सामने आ रही है। सभी घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 2 घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। बता दें कि, बुधवार को पंडित प्रदीप मिश्रा की कावड़ यात्रा निकलने वाली है। इसके चलते लाखों की संख्या में लोग सीहोर पहुंच रहे हैं। भगदड़ की घटना पंडित प्रदीप मिश्रा(Pandit Pradeep Mishra) की कांवड़ यात्रा शुरू होने से ठीक पहले हुई। भारी भीड़ के कारण कुबेरेश्वर धाम में यह बड़ा हादसा हुआ।

इससे पहले भी हुई भगदड़ की घटना

16 फरवरी 2023 को भी सीहोर के कुबेरेश्वर धाम में भगदड़ मच गई थी। उस समय शिव महापुराण कथा और रुद्राक्ष महोत्सव का आयोजन चल रहा था। इतनी अधिक भीड़ पहुंचने पर व्यवस्था नहीं संभली और भगदड़ मच गई। इस घटना में कई लोग घबरा गए थे। एक महिला की मौत की पुष्टि हुई थी। नासिक के मालेगांव की 50 साल की मंगला बाई की तबीयत अचानक गिर गई थी। इसके अलावा सैकड़ों लोगों को भी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। तीन महिलाओं के लापता हो गई थी।

भीड़ को देख ट्रैफिक में किया बदलाव

सावन के चलते ऐतिहासिक कांवड़ यात्रा को लेकर यहां हजारों श्रद्धालु पहुंचे हुए हैं। कुबेरेश्वर धाम के प्रमुख पंडित प्रदीप मिश्रा के सान्निध्य में 6 अगस्त को भव्य यात्रा निकाली जाने वाली है, जिसमें 10 लाख श्रद्धालुओं के आने का अनुमान है। इसे देखते हुए 5 अगस्त को ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव किया गया है। रात 12 बजे से 6 अगस्त रात 10 बजे तक यह व्यवस्था प्रभावी रहेगी। हालांकि भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल, यातायात कर्मी, मेडिकल टीमें भी तैनात की गई है।