ड्यूटी पर गए नहीं, फिर भी लगती रही हाजिरी, तकनीक को चकमा देने में डॉक्टर निकले 'मास्टर'
सीहोर।
सीहोर जिले में स्वास्थ्य सेवाओं पर जनता का भरोसा उस समय हिल गया जब सार्थक एप पर बंध चिकित्सकों की उपस्थिति में बड़ा घोटाला उजागर हुआ। जिलेभर के अस्पतालों में तैनात 32 बंध (बॉन्ड) डॉक्टर ड्यूटी पर पहुंचे बिना ही फोटो के जरिए अटेंडेंस लगा रहे थे। यह खुलासा तब हुआ जब राज्य स्तर पर एप की ऑनलाइन समीक्षा की गई।
एक मोबाइल फोन से दर्जनों डॉक्टरों की हाजिरी
जांच में सामने आया कि इन चिकित्सकों ने अस्पताल में एक मोबाइल फोन रख दिया था। उसी मोबाइल फोन से सभी की आईडी से लॉगइन कर अटेंडेंस लगाई जाती थी। लोकेशन अस्पताल की ही दिखाई देती थी और फोटो के समय बड़े आकार में प्रिंट किए गए फोटो दिखाकर उपस्थिति दर्ज कर दी जाती थी। इस चतुराई ने पूरे सिस्टम को धोखा दिया।
तीन ब्लॉक के 32 डॉक्टरों को नोटिस
सीएमएचओ डॉ. सुधीर कुमार डेहरिया ने श्यामपुर ब्लॉक के 24, इछावर और बुदनी ब्लॉक के चार-चार डॉक्टरों को नोटिस जारी किया है। सभी से तीन दिन में जवाब मांगा गया है। इतना ही नहीं, श्यामपुर के बीएमओ नवीन मेहर, इछावर के बीएमओ अंकित चांडक और बुदनी के बीएमओ धनजीत बड़ोदिया से भी पूछा गया है कि इतनी बड़ी लापरवाही पर उनकी नजर क्यों नहीं गई।
जिला अस्पताल भी नहीं अछूता रहा फर्जी उपस्थिति से
फर्जीवाड़े की यह बीमारी सिर्फ ग्रामीण अस्पतालों तक सीमित नहीं है। जिला अस्पताल में भी इसी तरह की लापरवाही पहले सामने आ चुकी है। हाल ही में दो डॉक्टरों ने अपने स्थान पर किसी और से मरीजों की जांच कराई थी। उस समय कलेक्टर ने एफआईआर के निर्देश दिए थे, लेकिन कार्रवाई अधूरी ही रह गई।
डॉक्टरों की अनुशासनहीनता पर सख्त रूख
सीएमएचओ डेहरिया ने साफ कहा है कि यह कृत्य अनुशासनहीनता और सेवा नियमों का घोर उल्लंघन है। तीन दिन में यदि स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं मिला, तो अनुबंध समाप्त कर बंधपत्र निष्फल घोषित किए जाएंगे। विभाग ने यह भी स्पष्ट किया कि अक्टूबर माह का मानदेय तभी जारी होगा जब जवाब संतोषजनक पाया जाए।

तमिलनाडु में बड़ा उलटफेर, TVK बनी नंबर वन पार्टी
Assembly Election 2026: सियासत में सितारों का दबदबा, कई बड़े नाम मैदान में
सुपर कॉरिडोर पर ग्रेटर बाबा जैन मंदिर बना निशाना, चांदी की मूर्तियां चोरी
बंगाल में भाजपा की जीत पर इंदौर में जलेबी बांटकर मनाया जाएगा जश्न