• लखपति बनने के लिए हर महीने जमा करने होंगे 610

नई दिल्ली। भारतीय स्टेट बैंक यानी SBI ने 'हर घर लखपति' स्कीम की ब्याज दरों में 0.20% की कटौती की है। इसमें अब सामान्य नागरिकों को अधिकतम 6.55% और वरिष्ठ नागरिकों (सीनियर सिटिजन) को अधिकतम 7.05% सालाना ब्याज मिलेगा। 'हर घर लखपति' एक खास रिकरिंग डिपॉजिट (RD) स्कीम है। इस स्कीम के तहत आप हर महीने छोटी-छोटी रकम जमा करके एक लाख या इससे ज्यादा रुपए इंतजाम कर सकते हैं। इसमें 10 साल तक हर महीने 610 रुपए जमा करने पर आपका 1 लाख रुपए का फंड तैयार हो जाएगा।

सबसे पहले समझें RD क्या है? रिकरिंग डिपॉजिट या RD बड़ी बचत में आपकी मदद कर सकती है। आप इसका इस्‍तेमाल गुल्लक की तरह कर सकते हैं। मतलब आप इसमें हर महीने सैलरी आने पर एक निश्चित रकम डालते रहें और इसके मैच्योर होने पर आपके हाथ में बड़ी रकम होगी। हर घर लखपति का मैच्योरिटी पीरियड आमतौर पर 3 साल से 10 साल तक रहता है। यानी आप 3 साल से 10 साल तक के लिए निवेश कर सकते हैं।