सतना में रोका गया शिवराज सिंह का काफिला, समस्याएं सुनकर बोले, अब मैं जाऊं
सतना।
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान गुरुवार को मध्य प्रदेश दौरे पर आए. जहां अल्प प्रवास पर वे सतना पहुंचे. इस दौरान बीच सड़क पर केंद्रीय मंत्री शिवराज का काफिला रोक लिया. कांग्रेस विधायक सिद्धार्थ सुखलाल कुशवाहा उर्फ डब्बू ने कार्यकर्ता के साथ मिलकर खाद को लेकर नारेबाजी की. हालांकि सामने भीड़ देखकर केंद्रीय मंत्री वहां से निकलने बजाए, अपनी कार से उतरे और लोगों के बीच पहुंचे. जहां कांग्रेस विधायक ने किसानों की खाद की समस्या केंद्रीय कृषि मंत्री के सामने उठाई.
सतना में शिवराज सिंह का रोका काफिला
केंद्रीय कृषि मंत्री जब अपने निजी कार्यक्रम में शामिल होकर वापस लौट रहे थे, इसी बीच पीएम श्री महाविद्यालय के सामने हजारों की संख्या में लोग इकट्ठा हो गए. और शिवराज सिंह चौहान का काफिला रोक लिया. कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने काले झंडे दिखाए और नारेबाजी की. जब शिवराज सिंह अपनी कार से नीचे उतरे तो कांग्रेस विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा ने उनसे बात की. उन्होंने शिकायत करते हुए शिवराज सिंह से कहा कि " आपके होते हुए इस तरह की समस्या हो रही है, फिर किसान कहां जाएगा?
कांग्रेस विधायक ने सुनाई शिकायत
कांग्रेस विधायक ने कहा सतना के किसानों को आप खाद मुहैया कराइए. इस बीच भीड़ से किसी ने उन्हें बताया कि किसान भाईयों के ऊपर प्रशासन लाठी चला रही है. जब खाद मांगने जाते हैं, तो उनके ऊपर लाठी बरसाई जाती है और युवा संवाद के नाम पर टॉफी दी जाती है. हालांकि इस बीच सिद्धार्थ कुशवाहा ने कहा कि हमें युवा संवाद से पहले किसान संवाद चाहिए, किसानों के लिए खाद चाहिए.
शिवराज बोले मैं राजनीति करने नहीं आया
इसके बाद शिवराज सिंह ने कहा कि जनता का अधिकार सुरक्षित है. मैं पूरी शिष्टता और शिष्टाचार के साथ आपकी समस्या सुनने आपके बीच खड़ा हूं. मुझे न पुलिस की जरूरत है और न प्रशासन की. मैं सीधे आपके बीच खड़ा हूं. मैं राजनीति करने या मीडिया में आने के लिए नहीं आया हूं, बल्कि दिल से जनता के बीच खड़ा हूं. इस दौरान केंद्रीय मंत्री ने बताया कि मैं रोज किसान संवाद करता हूं. मैं राज्य सरकार से बात करता हूं कि इस समस्या का कैसे समाधान निकाला जाए. समस्याएं सुनने के बाद शिवराज ने कहा क्या मैं अब जाऊं.
निजी कार्यक्रम के लिए सतना पहुंचे थे शिवराज
बता दें शिवराज सिंह चौहान पत्नी साधना के साथ गुरुवार सुबह रेवांचल एक्सप्रेस से सतना पहुंचे थे. यहां केंद्रीय मंत्री स्टेशन से पहले सर्किट हाउस पहुंचे. उसके बाद पूर्व पिछड़ा वर्ग आयोग सदस्य लक्ष्मी यादव के निवास पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके परिवारजनों से मिलकर ढांढस बंधाया. इसके बाद शिवराज सिंह चौहान पूर्व महापौर ममता पांडेय के निवास पहुंचे. उनकी बहु के निधन पर श्रद्धांजलि अर्पित की.

जूनागढ़ में बस पलटी, दो की मौत और 15 घायल; बड़ी दुर्घटना से हड़कंप