• दुकान बंद कर तीन कारीगर फरार, अब पश्चिम बंगाल तक तलाश

मेरठ।  नील गली में काम करने वाले तीनों कारीगर पश्चिम बंगाल के हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही मेरठ में काम करने वाले अन्य कारीगरों का सत्यापन भी तेज कर दिया है। देहली गेट थाना क्षेत्र से तीन सराफ का करीब 34 लाख कीमत का 355 ग्राम सोना लेकर पश्चिम बंगाल निवासी तीन कारीगर भाग गए। पीड़ितों ने आरोपियों को काफी तलाश किया, लेकिन उनका कुछ पता नहीं चला। पुलिस आरोपियों को तलाश कर रही है। तेजाब मार्केट नील की गली में दलीप सिंह लोधी और संजीव सिंह लोधी की ज्वेलरी की दुकान है। उन्होंने पश्चिमी बंगाल के हुगली निवासी कारीगर पबीर मंडल, संदीप पांजा और समीर मंडल को 26 अप्रैल को आभूषण बनाने के लिए करीब 250 ग्राम सोना दिया था। इन्हें छह अप्रैल को आभूषण देने थे। शनिवार सबुह दलीप सिंह लोधी ने आरोपियों की दुकान बंद देखी तो फोन किया। मोबाइल बंद था। इस पर वह आरोपियों के घर गए तो वहां ताला लटका था। मुसद्दीलाल मार्केट में सराफ की दुकान चलाने वाले तपन मन्ना ने भी आरोपियों को 18 अप्रैल को आभूषण बनाने के लिए 110 ग्राम सोना दिया था। उनसे सात मई को आभूषण देने का वादा किया गया था। इससे पहले ही आरोपी सोना लेकर भाग गए। शनिवार शाम पीड़ितों ने देहली गेट थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि पीड़ितों की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जाएगी। आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

घटनाएं बढ़ने पर पुलिस ने चलाया था सत्यापन अभियान
सराफा कारोबारियों का सोना लेकर कारीगरों के भागने की घटनाएं बीते वर्ष काफी बढ़ गई थीं। इससे सराफा कारोबारियों में हड़कंप मच गया था। इनमें ज्यादातर कारीगर पश्चिमी बंगाल के रहने वाले थे। कई आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार भी किया था। जबकि कुछ का अभी तक भी कोई सुराग नहीं मिला है। तब पुलिस ने अभियान चलाकर सराफा बाजार में काम करने वाले कारीगरों का सत्यापन कराने का अभियान चलाया था। बताया जा रहा है कि कई कारीगरों का सत्यापन इसमें नहीं हो पाया था।