घर में घुसकर शख्स ने मारा चाकू

मुंबई। बॉलीवुड एक्टर सैफ अली खान पर बुधवार देर रात करीब 2:30 बजे मुंबई में खार स्थित उनके घर पर चाकू से हमला किया गया। सैफ के गले, पीठ, हाथ, सिर पर चाकू लगा है। सैफ को रात 3.30 बजे लीलावती हॉस्पिटल लाया गया। जहां उनकी सर्जरी की गई। लीलावती अस्पताल के चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर डॉ. नीरज उत्तमानी का कहना है कि सैफ को छह बार चाकू घोंपा गया। उनमें से दो घाव गहरे हैं। एक घाव रीढ़ की हड्डी के पास लगा है। डॉक्टर लीना और डॉक्टर नितिन डांगे, सैफ का इलाज कर रहे हैं।
हमले को लेकर 2 थ्योरी, वजह स्पष्ट नहीं
हमलावर चोरी की नीयत से घुसा : सैफ की टीम के ऑफिशियल बयान में बताया गया कि सैफ अली खान के घर पर चोरी की कोशिश की गई। हमले में सैफ के घर का एक कर्मचारी (मेड) भी जख्मी हुआ है। हम मीडिया और प्रशंसकों से अनुरोध करते हैं कि वह ऐसी सिचुएशन में हमें सपोर्ट करें। यह पुलिस का मामला है। हम आपको अपडेट करते रहेंगे। घर में एक व्यक्ति घुसा, मेड से उसकी बहस हुई। डीसीपी दीक्षित गेदाम ने बताया कि सैफ अली खान खार के फार्च्यून हाईट्स में रहते हैं। कल देर रात एक व्यक्ति सैफ के घर में घुस गया और उनकी मेड से बहस की। जब एक्टर ने उस व्यक्ति को शांत करने की कोशिश की, तो उसने सैफ पर हमला किया और इस हमले वे घायल हो गए।
हमले के वक्त परिवार के बाकी सदस्य कहां थे, इसकी फिलहाल जानकारी नहीं मिल पाई है। करिश्मा कपूर ने 9 घंटे पहले इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक पोस्ट शेयर की थी। उन्होंने बहन करीना, दोस्त रिया और सोनम कपूर के साथ पार्टी की थी। तीनों ने साथ में डिनर किया था। करीना ने बहन करिश्मा की इस पोस्ट को अपने अकाउंट पर री-पोस्ट किया था।
मीडिया को डीसीपी गेदाम ने बताया कि जांच चल रही है। अभी कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। हमलावर कौन थे, इसका पता नहीं चल सका है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मुंबई पुलिस सैफ के घर से तीन लोगों को पूछताछ के लिए पुलिस स्टेशन लेकर गई है।
इस बीच मुंबई क्राइम ब्रांच की टीम भी मामले की जांच करने के लिए सैफ के घर पहुंच गई है।
सैफ और करीना दोनों बेटों के साथ मुंबई के बांद्रा स्थित सतगुरु शरण अपार्टमेंट में रहते हैं। सैफ की दोस्त और फेमस इंटीरियर डिजाइनर दर्शिनी शाह ने इसे डिजाइन किया है। पुराने घर की तरह सैफ के नए घर में भी लाइब्रेरी, आर्ट वर्क, खूबसूरत छत और स्विमिंग पूल है। शाही लुक देने के लिए इस अपार्टमेंट को वाइट और ब्राउन कलर से सजाया गया है। बच्चों के लिए नर्सरी और एक थिएटर स्पेस भी है।