सागर। 
सागर शहर के लोगों को समय पर और पर्याप्त पानी मिले या न मिले, लेकिन नगर निगम परिषद (Sagar Nagar Nigam) में लिए गए निर्णय अनुसार अब लोगों को जलकर की बढ़ी हुई राशि का बिल जमा करना होगा। नवंबर माह में आने वाला पानी का बिल 50 रुपए से लेकर 2400 रुपए तक बढ़कर आएगा। 27 सितंबर को निगम परिषद की बैठक में हुए निर्णय के पालन में बुधवार को निगमायुक्त राजकुमार खत्री ने जलकर की नई दरें लागू करने आदेश जारी किया। 
इस दिन से लागू होंगी नई दरें
निर्देश दिए गए कि 1 नवंबर से नई दरें लागू की जाएं, जिसमें घरेलू से लेकर व्यवसायिक नल कलेक्शन पर 50 रुपए से लेकर 2400 रुपए तक की राशि बढ़ाई गई है। 14 साल बाद जलकर में की गई यह वृद्धि अब हर 2 साल में ऑटोमेटिक 5 प्रतिशत बढ़ जाएगी। निगमायुक्त राजकुमार खत्री ने जल प्रदाय शाखा और राजस्व अधिकारी को बढ़ी हुई जलकर राशि के अनुसार बिल जारी करने के निर्देश दिए हैं।
इसलिए आया जनता पर अतिरिक्त बोझ
राजस्व अमला 33500 पुराने नल कनेक्शन से ही राशि वसूलती है। घरेलू और व्यवसायिक नल कनेक्शन के करीब 66 करोड़ रुपए बकाया हैं। इसका बोझ शहर के ईमानदार उपभोक्ताओं को उठाना पड़ रहा है। निगम का राजस्व अमला 33500 नल कनेक्शन में से हर साल मात्र 70 फीसदी कनेक्शन से ही राजस्व वसूली कर पाता है। इन 70 प्रतिशत में से 10 प्रतिशत ऐसे उपभोक्ता रहते हैं जो एडवांस में जलकर की राशि जमा करने निगम पहुंचते हैं।
जबकि 50-60 प्रतिशत उपभोक्ताओं से राशि वसूलने निगम अमला को जाना पड़ता है। नोटिस देने पड़ते हैं। लोक अदालत में रियायतें देना पड़ती हैं। जबकि शहर में 30 प्रतिशत ऐसे भी उपभोक्ता हैं जो जलकर भरते ही नहीं हैं, ऑफिसर कॉलोनी जैसे कई जगहों पर निगम अमला बिल ही नहीं बांटता।