सागर। 
सागर में जिला भाजपा की कार्यकारिणी घोषित होने के बाद सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट करने वाले जिला कार्यालय मंत्री देवेंद्र कटारे को पद से हटा दिया गया है। भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी ने इस संबंध में पत्र जारी किया है। जिसमें कहा गया कि आपको भेजे गए कारण बताओ नोटिस के परिप्रेक्ष्य में स्पष्टीकरण प्राप्त हुआ। आपके द्वारा जो अपने पक्ष में तर्क प्रस्तुत किए गए वे पार्टी नेतृत्व को संतोषजनक प्रतीत नहीं हुए। आपके द्वारा सोशल मीडिया के माध्यम से जिला कार्यालय मंत्री के दायित्व के प्रति अरूचि जाहिर की गई थी और पार्टी की रीति-नीति के विरुद्ध लगातार आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट की गई थी। स्पष्टीकरण पत्र में आपने अपनी मनोस्थिति के बारे में लिखा है, इसलिए संगठन आपकी स्थिति को दृष्टिगत रखते हुए निर्णय ले रहा है। आपको प्रदेश संगठन के निर्देश पर जिला कार्यालय मंत्री भाजपा जिला सागर के दायित्व से तत्काल मुक्त किया जाता है। लिखा था-मैं पार्टी के निर्णय से निराश और अंसुतष्ट हूं 1 मार्च को भाजपा ने सागर जिला की 35 सदस्यीय कार्यकारिणी घोषित की थी। जिसमें देवेंद्र कटारे को जिला कार्यालय मंत्री बनाया गया था लेकिन इस पद से वह असंतुष्ट नजर आए। कार्यकारिणी घोषित होने के बाद देवेंद्र कटारे ने अपने सोशल मीडिया पेज पर लिखा कि मैं पार्टी के निर्णय से पूर्णतः निराश और अंसुतष्ट हूं। मुझे किसी प्रकार की शुभकामनाएं न दें। दूसरी पोस्ट में लिखा था कि आज फिर चमचों-चापलूसों की जीत हो गई। संगठन की तीसरी आंख फूट गई। मामला सामने आते ही संगठन ने संज्ञान में लिया। नवनियुक्त कार्यालय मंत्री कटारे को नोटिस जारी किया गया था।