सागर। 
महीना भर भी नहीं बीता होगा कि रंगीन मिजाजी के चलते नगरनिगम के 65 साल के भाजपा पार्षद के खिलाफ 25 साल की युवती मारपीट, बंधक बनाने और जबरन निकाह करने का दबाव बनाने की शिकायत लेकर एसपी दफ्तर पहुंची थी. मामला मीडिया की सुर्खियों में आते ही पार्षद को पार्टी ने नोटिस थमा दिया. पार्टी का नोटिस मिलते ही पार्षद बैकफुट पर आ गए और युवती के साथ निकाह कर लिया. लेकिन निकाह के बाद पार्षद पहले तो युवती को घर नहीं ले गया और जब घर ले गया तो परिजन ने ना सिर्फ उसके साथ मारपीट की, बल्कि उसे घर से भगा दिया. अब पीड़ित युवती ने फिर महिला थाना पहुंच कर पार्षद और परिजन के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है.
क्या है मामला
नगर निगम के लाजपतपुरा वार्ड से भाजपा पार्षद 65 साल के नईम खान पर उनकी 25 साल की नई नवेली बेगम ने मारपीट कर घर से निकालने के गंभीर आरोप लगाए हैं. युवती ने शुक्रवार दोपहर महिला थाने पहुंचकर पार्षद नईम खान और उसके परिजनों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है. युवती ने बताया कि, ''16 सितंबर को नईम खान से उसकी शादी हुई थी. शादी के बाद नईम ने उसे अपने घर ना ले जाकर पार्षद कार्यालय में रखा और 8 अक्टूबर को जब वह उसे कटरा स्थित घर लेकर गया, तो उसके परिजन ने उसे साथ रखने से इनकार कर दिया और मारपीट की.''युवती ने बताया कि, ''नईम का कहना है कि मैंने तुमसे शादी सिर्फ जेल जाने और पार्षद पद बचाने के लिए की है, मुझे तुमसे कोई मतलब नहीं है.'' युवती का आरोप है कि, ''नईम और उसके परिवार ने कोतवाली में उसके खिलाफ झूठी शिकायत दर्ज कराई और 9 अक्टूबर को शनिचरी वाले घर में अकेला छोड़ दिया और शुक्रवार सुबह वहां से भी निकाल दिया.'' युवती ने पति नईम खान और उनके परिजन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.
महिला थाने में जांच शुरू
महिला थाना प्रभारी संतोषी कनासिया ने बताया कि, ''शिकायत आई है जांंच कर कार्यवाही की जाएगी. पिछले महीने भी युवती ने नईम खान पर मारपीट और निकाह के लिए दबाव डालने के आरोप लगाते हुए थाने में शिकायत की थी, लेकिन बाद में शिकायत वापस ले ली थी. दोनों ने थाना में उपस्थित होकर शिकायत वापस ली थी और युवती का कहना था कि नईम खान ने उससे निकाह कर लिया है. अब वो कोई कार्रवाई नहीं चाहती है.''