सागर। 
सागर जिले की देवरी नगर पालिका की अध्यक्ष नेहा अलकेश जैन को पद से हटा दिया गया है। उनके खिलाफ जांच में वित्तीय अनियमितताएं पाई गई हैं। सोमवार को मध्यप्रदेश नगरीय विकास एवं आवास विभाग के अपर सचिव शिवराज सिंह वर्मा ने इसके आदेश जारी किए है। नेहा जैन भाजपा की टिकट पर पार्षद का चुनाव जीतकर देवरी नगर पालिका की अध्यक्ष बनी थीं। भाजपा के ही पार्षदों ने उन पर नगर पालिका के कार्यों में भ्रष्टाचार और अन्य अनियमितताएं करने के आरोप लगाए थे। पार्षद लगातार अध्यक्ष को पद से हटाने की मांग कर रहे थे। उनके खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव भी लाए थे। इसी मामले में देवरी से भाजपा विधायक बृजबिहारी पटेरिया ने भी सरकार स्तर पर शिकायत की थी। साथ ही विधानसभा में मुद्दा उठाकर कार्रवाई करने की मांग की थी।
जांच में ये तीन आरोप सही पाए गए

  • देवरी नगर पालिका की अध्यक्ष नेहा जैन पर लगे आरोपों की विभाग ने जांच कराई थी। उनमें से जो तीन आरोप सही पाए गए वो ये हैं...
  • अध्यक्ष नेहा जैन ने बगैर अनुमति व बगैर अधिकार के स्वयं के अनुमोदन से मस्टर पर 13 कर्मचारी और 2 ऑपरेटर की भर्ती की थी।
  • रैन बसेरा समेत अन्य स्थानों पर एसी खरीदी में अनियमितता की गई।
  • प्रेसिडेंट इन काउंसिल को भी गलत तरीके से भंग किया गया था।

पार्षदों ने एक-दूसरे को खिलाई मिठाई
इस मामले में विभाग ने जांच के दौरान अध्यक्ष नेहा जैन का भी पक्ष सुना। जिसके बाद उन पर पद से हटाने की कार्रवाई की गई है। नेहा जैन को हटाने के बाद उन पर आरोप लगाने वाले पार्षदों ने खुशी मनाई। एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी।