सागर / भोपाल
ग्वालियर. भाजपा विधायक और पूर्व मंत्री गोपाल भार्गव ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को एक पत्र लिखा है. उन्होंने ग्वालियर में पदस्थ आबकारी विभाग के अधिकारी को हटाने की मांग की है. गोपाल भार्गव ने आरोप लगाया है कि प्रभारी सहायक आयुक्त राकेश कुर्मी ने विधानसभा चुनाव 2023 में कांग्रेस प्रत्याशी के समर्थन में प्रचार किया था. भार्गव ने आबकारी अधिकारी पर 2023 में उनको चुनाव हारने की साजिश का आरोप लगाया है. उनका कहना है कि आबकारी अधिकारी राकेश कुर्मी ने कांग्रेस प्रत्याशी को शराब और रुपए की मदद दी थी.पूरा मामला 2023 के विधानसभा चुनाव से जुड़ा हुआ है. भार्गव ने आबकारी अधिकारी राकेश कुर्मी पर कांग्रेस प्रत्याशी ज्योति पटेल के समर्थन में प्रचार करने का आरोप लगाया. फिलहाल भाजपा विधायक गोपाल भार्गव के पत्र पर कोई कार्रवाई नहीं हो पाई है.
बीजेपी विधायक गोपाल भार्गव ने अपने पत्र में लिखा, ‘राकेश कुमार कुर्मी, प्रभारी सहायक आयुक्त, आबकारी जिला ग्वालियर मेरे विधानसभा क्षेत्र रहली जिला सागर के ग्राम सांवल खिरिया के निवासी हैं. विधानसभा चुनाव 2023 में राकेश कुर्मी तथा उनके परिवार ने मेरे खिलाफ चुनाव में कांग्रेसी प्रत्याशी के समर्थन में प्रचार किया, जातिगत विद्वेष फैलाया और विभिन्न प्रकार के षढ़यंत्र रचे. अपनी मैदानी पोस्टिंग में पदस्थ रहते हुएत तथा पद का दुरूपयोग करते हुए उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी के लिए शराब और पैसे की मदद की जिससे मेरे और भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ माहौल बना. मेरा मानना है कि पार्टी तथा सरकार के खिलाफ प्रचार करने, षढ़यंत्र रचने और पद का दुरूपयोग करने वाले अधिकारी का फील्ड में पोस्टेड रहना पार्टी तथा सरकार दोनों के लिए हानिकारक है. मेरा आपसे विनम्र अनुरोध है कि आगामी विधानसभा चुनाव तक राकेश कर्मी, प्रभारी सहायक आयुक्त ग्वालियर को मैदानी पोस्टिंग से अलग रखे जाने के लिए आवश्यक निर्देश प्रदान करने का कष्ट करें.’