• दिल्ली-एनसीआर में रात में हल्की बारिश हुई
  • यूपी-राजस्थान समेत 5 राज्यों में बारिश की संभावना

नई दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर में बुधवार देर रात हल्की बारिश हुई। इससे एक बार फिर ठंड बढ़ सकती है। मौसम विभाग ने कहा कि आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में 4 डिग्री और अधिकतम तापमान में 7 डिग्री की गिरावट आ सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक, पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, दिल्ली-एनसीआर और उत्तरी राजस्थान में आज भी बारिश हो सकती है। वहीं, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, बंगाल और ओडिशा में घना कोहरा छाया रहेगा। देश के पहाड़ी राज्यों जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश में लगातार चौथे दिन भी बर्फबारी हुई। हिमाचल प्रदेश के कई जिलों में बारिश भी हो रही है। हालांकि, कुछ जिलों में अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। बुधवार को ऊना का टेम्परेचर 25.6डिग्री रहा। गुरुवार को हिमाचल के 5 जिलों में कोहरे और कोल्ड वेव का येलो अलर्ट जारी किया गया है। 28 तक राज्य में ऐसा मौसम बना रहेगा। जम्मू-कश्मीर के गुलमर्ग, सोनमर्ग, जोजिला पास जैसे ऊंचे इलाकों में मंगलवार को हुई बर्फबारी के कारण गुरेज-बांदीपुरा रोड, सेमथान-किश्तवाड़, मुगल रोड बंद हो गए। यहां बर्फ हटाने का काम जारी है। यूपी के 40 जिलों में घना कोहरा छाने की संभावना है। साथ ही बारिश भी हो सकती है।