आरजीपीवी कैंपस में देर रात छात्रों में चले लाठी-डंडे
भोपाल।
राजधानी के राजीव गांधी प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (आरजीपीवी) कैंपस में सोमवार देर रात दो छात्रावास के छात्रों के बीच हुआ विवाद मारपीट तक जा पहुंच गया। यूनिवर्सिटी इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (यूआईटी) के बाल्टिक हॉस्टल और स्कूल ऑफ आर्किटेक्चर (एसओए) हॉस्टल के छात्रों में पहले कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसा में बदल गई। हाथों में डंडे और लोहे की रॉड लिए छात्र एक-दूसरे पर टूट पड़े। कुछ छात्र घायल हुए हैं। इस घटना का वीडियो सामने आया है।
कैसे हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, विवाद की शुरुआत एक फोन कॉल से हुई। बताया जा रहा है कि एक छात्र ने फोन कॉल पर बात करने को लेकर दूसरे को टोका, जिसके बाद कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते यह मामला दोनों हॉस्टलों तक पहुंच गया। रात करीब 11 बजे बाल्टिक और एसओए हॉस्टल के छात्र सड़क पर उतर आए। कुछ ही देर में दोनों गुट आमने-सामने आ गए और लाठी-डंडों से एक-दूसरे पर हमला करने लगे।
मारपीट में कई छात्रों के चोटिल होने की जानकारी सामने आई है, हालांकि गंभीर चोट की पुष्टि नहीं हुई है। कैंपस में अफरा-तफरी मच गई। कुछ छात्रों ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन तब तक स्थिति बेकाबू हो चुकी थी।
वीडियो के आधार पर होगी पहचान
घटनाक्रम का वीडियो सामने आया है। फुटेज में साफ दिख रहा है कि छात्र एक-दूसरे को डंडों से पीट रहे हैं। शिकायतकर्ता छात्र ने भी घटना की रिकॉर्डिंग प्रशासन को सौंपी है। आरजीपीवी प्रशासन ने कहा है कि वीडियो और शिकायत के आधार पर दोषी छात्रों की पहचान की जा रही है। आज दोनों पक्षों से पूछताछ होगी और नियमों के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
घटना को लेकर यूनिवर्सिटी प्रबंधन ने सफाई दी है। प्रबंधन का कहना है कि यह रैगिंग का मामला नहीं है, बल्कि छात्रों के बीच आपसी विवाद है। संबंधित छात्रों को समझाइश दी जाएगी। हॉस्टल और कैंपस में अतिरिक्त सुरक्षा गार्ड तैनात कर दिए गए हैं ताकि ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।

हौसलों को मिला सहारा, दिव्यांगजनों की बदली जिंदगी
सशक्त नारी, विकसित प्रदेशः ‘बिहान’ से आत्मनिर्भरता की नई मिसाल बनीं सकीना
मुंबई में आयोजित वर्ड पावर चैंपियनशिप 2026 में छठवां स्थान हासिल किया छात्र रोशन निषाद ने
फूलों की खुशबू से महकी किस्मत ईश्वरचरण पैकरा का
मध्यप्रदेश की ‘बाग प्रिंट’ कला को पेरिस में मिलेगा वैश्विक मंच