रीवा।
भारतीय जनता पार्टी के बहुचर्चित सांसद जनार्दन मिश्रा एक बार फिर सुर्खियों में हैं. इस बार वे अपने बयान की जगह हैरतअंगेज करतब के चलते चर्चाओं में हैं. इन दिनों पैरासेलिंग स्टंट करते एक वीडियो सोशल मीडिया पर तहलका मचा रहा है. वीडियो में 70 वर्ष की उम्र में सांसद जनार्दन मिश्रा समुद्री लहरों के बीच आसमान में उड़ते दिखाई दे रहे हैं. एडवेंचर का रोमांचक वीडियो सांसद ने खुद के अपने फेसबुक अकाउंट पर पोस्ट किया, जो तेजी से वायरल हो रहा है.
300 फीट ऊपर हवा में उड़े सांसद
वायरल वीडियो में सांसद बोट से पैराशूट के सहारे करीब 300 फीट ऊपर हवा में उड़ते दिखाई दे रहे हैं. रीवा सांसद जनार्दन मिश्रा ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग की संसदीय स्थायी समिति के अध्ययन के दौरे के लिए समिति के अन्य सदस्यों के साथ अंडमान-निकोबार पहुंचे थे. इसी दौरान वे हेवलॉक द्वीप गए, जहां पर वे समुद्री लहरों के बीच बोट में सवार हुए और पैरासेलिंग की और समुद्र के 40 फीट नीचे कोरल रीफ देखा.
जनार्दन मिश्रा ने शेयर किया वीडियो
अंडमान निकोबार के हैवलॉक द्वीप में एडवेंचर करने का वीडियो सांसद जनार्दन मिश्रा ने सोशल मीडिया अकाउंट में पोस्ट किया है. यह वीडियो सोशल साइट पर तेजी से वायरल हो रहा. 70 वर्ष की उम्र में सांसद की फिटनेस, साहस और जोश को लेकर लोग अपनी-अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं. वायरल हुए वीडियो के चलते एक बार फिर रीवा से बीजेपी सांसद जनार्दन मिश्रा सुर्खियों में आ गए.
इसके पहले कर चुके हैं स्कूबा डाइविंग
यह पहला मौका नहीं है, जब सांसद जनार्दन मिश्रा का एडवेंचर करते वीडियो सामने आया है. इससे पहले फरवरी 2025 में उनका एक वीडियो सोशल मीडिया में छाया हुआ था, जिसमें वे स्कूबा डाइविंग करते हुए नजर आए थे. यह वीडियो तब का था, जब सांसद मिश्रा ग्रामीण विकास और पंचायती राज संसदीय स्थायी समिति के अध्ययन दौरे के लिए लक्षद्वीप गए हुए थे.