रीवा में कांग्रेस नेता का भावुक प्रदर्शन, बीच बाजार बच्चों की तरह फूट-फूटकर रोए, कपड़े उतारकर जताया विरोध
रीवा।
मध्यप्रदेश के रीवा शहर में उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब कांग्रेस के प्रदेश महासचिव मनीष गुप्ता बीच बाजार भावुक होकर फूट-फूटकर रोने लगे। वे अपने साथियों से लिपटकर बच्चों की तरह बिलखते नजर आए। गुस्से और आक्रोश में उन्होंने अपने कपड़े तक उतार दिए, जिससे वहां मौजूद लोग हैरान रह गए। कुछ ही देर में यह पूरा घटनाक्रम चर्चा का विषय बन गया।
दरअसल, कांग्रेस नेता मनीष गुप्ता हर साल की तरह इस वर्ष भी महाशिवरात्रि के अवसर पर भव्य शिव बारात निकालने की तैयारी कर रहे थे। इसके लिए शहर के विभिन्न इलाकों में बैनर-पोस्टर लगाए गए थे। नगर निगम ने यह कहते हुए सभी बैनर-पोस्टर हटवा दिए कि आयोजन के लिए आवश्यक अनुमति नहीं ली गई है। नगर निगम की इस कार्रवाई से कांग्रेस नेता नाराज हो गए। विरोध जताने के लिए वे अपने समर्थकों के साथ बीच बाजार उतर आए और प्रदर्शन करने लगे। इसी दौरान वे भावुक हो गए और सार्वजनिक रूप से रोने लगे। यह दृश्य देखकर वहां मौजूद लोग स्तब्ध रह गए, वहीं किसी ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया, जो तेजी से वायरल हो गया। खास बात यह रही कि यह पूरा विवाद ऐसे समय सामने आया है, जब रीवा नगर निगम में कांग्रेस की ही सरकार है। अपनी ही सरकार के खिलाफ इस तरह का विरोध कांग्रेस के लिए असहज स्थिति बन गया। मौके का फायदा उठाते हुए भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा और इसे “आंतरिक अव्यवस्था और नेतृत्व की कमजोरी” करार दिया। मामला तूल पकड़ता देख बाद में रीवा के महापौर ने पूरे घटनाक्रम पर खेद जताते हुए माफी मांगी और कहा कि भविष्य में इस तरह की गलतफहमी नहीं होगी। हालांकि, तब तक यह घटना कांग्रेस की काफी किरकिरी करा चुकी थी और राजनीतिक गलियारों में इसकी खूब चर्चा होने लगी। फिलहाल यह मामला शांत हो गया है, लेकिन कांग्रेस नेता के इस भावुक प्रदर्शन ने शहर की राजनीति में हलचल जरूर मचा दी है।

डिजिटल जनगणना की तैयारी तेज, गृहमंत्री ने लॉन्च किए चार नए टूल; उपग्रह चित्रों से बनेगा मकान सूचीकरण ब्लॉक
Nitish Kumar किसके कहने पर भाजपा के करीब आए, Narendra Modi के नाम पर पहले हुए थे दूर
66 साल के हुए शिवराज सिंह चौहान, परिवार संग मनाया जन्मदिन; लिए पांच संकल्प
Muppala Lakshmana Rao उर्फ गणपति नेपाल में गिरफ्तार, 15 नक्सलियों के आत्मसमर्पण की संभावना